बांग्लादेशी घुसपैठ पर मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाएं प्रधानमंत्री : भाजपा
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। देश में लगातार बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों के लिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को जिम्मेदार बताती हुई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व पुलिस महानिदेशकों की बैठक बुलाने की मांग की है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने पार्टी के नियमित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "देश में लगातार आतंकवादी घटनाएं बढ़ रही हैं। इन घटनाओं में बांग्लादेशियों की संलिप्तता लगातार उजागर होती रही है। ऐसे में राष्ट्रहित में वोट बैंक व दलीय राजनीति से ऊपर उठकर बांग्लादेशियों को देश से निकालने के लिए सघन कार्रवाई की जानी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "हम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मांग करते हैं कि बांग्लादेशी घुसपैठियों पर लगाम कसने के लिए वह सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व पुलिस महानिदेशकों की बैठक बुलाएं।"
उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी आतंकवादी 'स्लीपर सेल' के रूप में देश भर में सक्रिय हैं और आतंकवादी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं जबकि केंद्र सरकार वोट बैंक की राजनीति के चलते उन पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
