गठबंधन राजनीति के प्रणेता सुरजीत नहीं रहे (राउंडअप)

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। देश में गठबंधन की राजनीति के प्रणेता मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वयोवृद्ध नेता हरिकिशन सिंह सुरजीत का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को नोएडा के मेट्रो अस्पताल में हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत देश भर के वरिष्ठ राजनेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।

भारतीय राजनीति में 92 वर्ष पहले 1916 में उदय हुआ यह तारा कई गठबंधन सरकारों का साक्षी बनकर एक जमाने में भारत का 'बिना ताज का प्रधानमंत्री' कहलाता था।

देश में वामपंथी आंदोलन को नए मुकाम पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले सुरजीत ने दोपहर 1.35 बजे नोएडा के मेट्रो अस्पताल में अंतिम सांस ली। आगामी रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी प्रीतम कौर, दो बेटे व एक बेटी है।

पंजाब के एक गांव में जन्मे सुरजीत 1992 से 2005 तक माकपा के महासचिव रहे। उनके निधन की खबर मिलते ही भारतीय राजनीति में शोक की लहर फैल गई।

उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए भावुक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, "वे एक महान राजनीतिज्ञ, सच्चे देशभक्त और महान भारतीय थे। वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे और गरीब तबकों के कल्याण के लिए प्रयास करते रहे।"

सुरजीत को गठबंधन राजनीति का शिल्पकार बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मैंने हमेशा उनकी सलाह व परामर्श का सम्मान किया।"

उनके निधन की खबर मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी मेट्रो अस्पताल पहुंचे। चटर्जी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं कर पाए और रो पड़े। माकपा महासचिव प्रकाश करात पोलित ब्यूरो के सदस्य सीताराम येचुरी और वृंदा करात समेत तमाम बड़े नेता भी अस्पताल पहुंचे।

करात ने कहा, "सुरजीत का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक ऐसे दृढ़ इंसान थे जो सोवियत रूस के विघटन के बाद भी मार्क्‍सवाद के सिद्धांतों से टस से मस नहीं हुए। उनके निधन से मार्क्‍सवादी आंदोलन और सभी प्रोग्रेसिव व धर्मनिरपेक्ष ताकतों को धक्का पहुंचा है।"

पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने उनके निधन पर गहरा प्रकट करते हुए कहा, "बातचीत के अपने सपाट अंदाज और मुद्दों पर अपने सैद्धांतिक मत के लिए उन्होंने देश के सभी राजनीतिक दलों के बीच अपने प्रशंसक बनाए।"

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा, "किसानों व गरीबों के लिए उन्होंने हमेशा आगे बढ़कर काम किया। उनके निधन से देश ने एक ऐसी शख्सियत खो दी है जो अपने जमाने के सामाजिक क्रियाकलापों को लेकर बेहद संवेदनशील थे।"

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सुरजीत के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे देश की राजनीति की मजबूत आवाज थे। कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "सोनिया गांधी ने सुरजीत के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है और अपनी संवेदनाएं प्रकट की है।"

उन्होंने कहा, "सुरजीत की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि जहां संवादहीनता की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, वहां भी वे अपनी क्षमता के बल पर कोई न कोई रास्ता निकाल लेते थे क्योंकि हर दल में उनके मुरीद व प्रशंसक थे।"

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने कहा, "सुरजीत एक महान राजनीतिक हस्ती थे। कार्यकर्ताओं को उनका धर्य से काम करते और आग बढ़ते रहने की कला से सीख लेनी चाहिए। उनका निधन पार्टी के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।"

लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सुरजीत के निधन पर शोक जताते हुए कहा, "उनके निधन से भारतीय राजनीति ने मार्क्‍सवादी आंदोलन का एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया।"

उन्होंने कहा, "मुझे वे दिन आज भी याद है जब वाम दल और भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री वी. पी. सिंह की सरकार को समर्थन दिया था। उन दिनों मैं हर सप्ताह उनसे मिला करता था।"

इससे पहले, अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया, "गत चार दिनों से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था। धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ती चली गई और दोपहर ढाई बजे के बाद उनका निधन हो गया।"

सुरजीत को गत तीन महीने में दूसरी बार 26 जुलाई को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सुरजीत मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के लगातार चार बार महासचिव भी रहे थे। उन्हें गत छह मई को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

चिकित्सकों के अनुसार सुरजीत के फेफड़ों में पानी भर गया था और वे निमोनिया से पीड़ित थे। इसके अलावा वे लंबे समय से गुर्दे और अन्य अंगों से संबंधित बीमारियों से भी जूझ रहे थे।

चिकित्सकों के अनुसार सुरजीत मेट्रो अस्पताल में विगत सात वर्षो से इलाज करवा रहे थे। तीन वर्ष पूर्व उनके गुर्दे का ऑपरेशन भी किया गया था। वे एक वर्ष से अधिक समय से नई दिल्ली के तीन मूर्ति लेन स्थित आवास में रह रहे थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+