विकास दर कम होने से अमेरिकी शेयर बाजारों में गिरावट
न्यूयार्क, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका में आर्थिक विकास दर अनुमान से कम होने का असर वहां के सभी शेयर बाजारों पर भी दिखाई दिया और गुरुवार को कारोबार के दौरान गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिकी सरकार ने गुरुवार को कहा कि वर्ष 2008 की दूसरी तिमाही में आर्थिक विकास दर 1.9 प्रतिशत है। इस साल के शुरू से जारी कर्ज संकट और अर्थव्यवस्था में मंदी के कारण विकास दर कम हुई है।
ब्लूमबर्ग फाइनेंशियल न्यूज के अनुसार सकल घरेलू उत्पाद में पहली तिमाही की विकास दर 0.9 प्रतिशत की अपेक्षा वृद्धि हुई है लेकिन यह अर्थशास्त्रियों के 2.3 प्रतिशत वृद्धि के अनुमान से कम है।
तेल कीमतों के बढ़ने के कारण तेल कंपनी एक्जान मोबिल की तिमाही आमदनी में 14 प्रतिशत वृद्धि होने के बावजूद उसके शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। एक्जान मोबिल के साथ ही तेल क्षेत्र के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
कैटरपिलर, बोइंग कंपनी और वाल्ट डिज्नी के शेयरों में भी गिरावट हुई।
डाओ जोंस औद्योगिक सूचकांक 205.67 अंकों (1.8प्रतिशत) की गिरावट के बाद 11,378.02 अंक पर पहुंच गया। स्टैंडर्ड एंड पुअर 500 सूचकांक में 16.88 अंक (1.3 फीसदी) की गिरावट दर्ज की गई। स्टैंडर्ड एंड पुअर 500 1,267.38 अंक पर बंद हुआ। तकनीकी आधारित नैसडेक सूचकांक में 4.17 (0.2प्रतिशत) की गिरावट दर्ज की गई।
डालर की कीमत भी बुधवार के 64.19 यूरो सेंट से गिरकर 64.11 यूरो सेंट, और 108.1 जापानी येन के मुकाबले 107.85 हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
