बीजिंग ओलंपिक: कलमाडी ने कहा, पदक की आस है हमें
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के प्रमुख सुरेश कलमाडी का कहना है कि भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक में पदक की आस के साथ इस वर्ष बीजिंग जा रहे हैं।
स्विटजरलैंड की मशहूर घड़ी निर्माता कंपनी 'ओमेगा' द्वारा ओलंपिक में शिरकत करने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कलमाडी ने कहा, "मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि महेश भूपति और लिएंडर पेस ने देश के लिए एकसाथ खेलने का फैसला किया।
इससे टेनिस में हमारे पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है। तीरंदाजी और मुक्केबाजी टीमें बढ़िया प्रदर्शन करती रही हैं। मुझे पक्का यकीन है कि टेबल टेनिस खिलाड़ी नेहा अग्रवाल भी बढ़िया प्रदर्शन करेंगी।"
कलमाडी ने कहा कि 2010 में नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के सफल आयोजन के लिए सरकार भरपूर सहयोग दे रही है। बकौल कलमाडी, "हमें सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों की सफलता से 2012 के लंदन ओलंपिक में हमारा प्रदर्शन निखरेगा।"
कार्यक्रम में ओमेगा के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेनॉल्ड एशलीमैन ने कंपनी के ब्रांड एंबेस्डर अभिनेता अभिषेक बच्चन और अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के साथ ओलंपिक पर लिखी गई एक पुस्तक 'ग्रेट ओलंपिक मोमेंट्स इन टाइम' का अनावरण भी किया।
इस अवसर पर सोनाली बेंद्रे ने कहा, "मैं भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामना देती हूं, लेकिन मेरा मानना है कि जीत की लालसा में एथलीटों को खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना चाहिए।"
अपना 'अनफॉर्गेटेबल वर्ल्ड टूर' बीच में छोड़कर इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सैन फ्रांसिस्को से पहुंचे अभिषेक बच्चन ने कहा, "भारतीय एथलीटों से हमें बहुत उम्मीद है। ओलंपिक सिर्फ जीतने का नाम नहीं है। यह देश के लिए गौरव हासिल करने का भी मौका देता है।"
ओमेगा कंपनी बीजिंग ओलंपिक की आधिकारिक प्रायोजकों में एक है। यह वर्ष 1932 के लास एंजलिस ओलंपिक के समय से ही ओलंपिक से जुड़ी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
