मध्यप्रदेश सुरक्षा बलों के साए में, सिनेमाघरों के रात के शो रद्द (लीड-1)
भोपाल, 27 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक और फिर गुजरात में हुए बम धमाकों के बाद मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जगह जगह पुलिस तैनात है और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंदौर और भोपाल के सिनेमाघरों के रात के शो रद्द कर दिए गए हैं।
शुक्रवार और शनिवार को हुए बम धमाकों के बाद मध्यप्रदेश सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सरकार और पुलिस ने एहतियाती कदम उठाये हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर सहित अन्य प्रमुख शहरों के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सिनेमाघर, मॉल्स और प्रमुख अस्पतालों पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। हर प्रमुख रोड, महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस बल की टुकड़िया तैनात कर दी गई हैं।
मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक एस़ क़े राउत ने आईएएनएस को बताया कि प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। साथ ही तमाम जिम्मेदार अधिकारियों को सुरक्षा के लिहाज से सतर्क कर दिया गया है, बम निरोधक दस्ता सतर्क है और पुलिस की चौकसी जारी है। लोगों में जागृति लाने के लिए भी पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार के अनुसार इंदौर में विशेष सशस्त्र बल की पांच अतिरिक्त कम्पनियां तैनात की गई हैं। सिनेमाघरों के रात के शो रद्द कर दिये गये हैं और रात 9 बजे के बाद मॉल और बाजार बंद करने के आदेश दिये गये हैं। इसी तरह भोपाल में भी कलेक्टर मनीष रस्तोगी ने रात्रिकालीन सिनेमाघरों के शो रद्द कर दिये हैं।
मालूम हो कि प्रतिबंधित संगठन स्टूडेन्ट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इण्डिया (सिमी) का कार्य क्षेत्र मालवा रहा है और उसकी गतिविधियां इंदौर, उज्जैन, धार, शाजापुर आदि इलाकों में प्रमुख तौर पर रही हैं। यहां सिमी के कैम्प भी चलते रहे हैं। पिछले दिनों सिमी प्रमुख सफदर नागौरी सहित एक दर्जन से अधिक प्रमुख कार्यकर्ता मालवांचल में गिरफ्तार किये गये थे। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 50 संदिग्ध सिमी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।
कर्नाटक और गुजरात के बम धमाकों में सिमी के शामिल होने की बात सामने आने पर इंदौर पुलिस विशेष तौर पर चौकस हो गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश की पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है साथ ही उन्होंने प्रदेश वासियों से शान्ति और संयम बरतने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications