आतंकवादी हमलों की धमकी के बाद केरल में हाई अलर्ट
तिरुवनंतपुरम, 27 जुलाई (आईएएनएस)। रविवार की शाम केरल में आतंकवादी घटनाओं की संभावना वाली खबरें आने के बाद यहां की सड़कें अचानक सुनसान हो गईं। मीडिया द्वारा प्रसारित इन खबरों के मुताबिक कर्नाटक की पुलिस को एक ईमेल मिला था जिसमें कहा गया था कि केरल आतंकवादियों का अगला निशाना होगा।
मीडिया में ऐसी रिपोर्ट्स भी आई थीं जिनमें कहा गया था कि टीवी 9 नामक एक चैनल के रिपोर्टर को एक फोन आया है जिसमें कहा गया था कि केरल में रविवार की शाम सात बजे बम विस्फोट किए जाएंगे। इसके बाद केरल पुलिस हरकत में आई और सघन घेराबंदी अभियान शुरू किया।
राज्य के पुलिस महानिदेशक रमन श्रीवास्तव ने प्रमुख पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि पुलिस किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
श्रीवास्तव ने कहा, "स्थिति नियंत्रण में है और हम अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। राज्य में अगले तीन दिनों तक हाई अलर्ट लागू रहेगा।"
इस बीच पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि कोच्चि, त्रिचुर और कोझीकोड जैसे शहरों में वे रात में सिनेमा देखने न जाएं। पुलिस ने सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications