इंदौर में सुरक्षा बढ़ी, सिमी के कार्यकर्ताओं की तलाश
इंदौर, 27 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक के बंगलौर और गुजरात के अहमदाबाद में हुए बम धमाकों के बाद मध्यप्रदेश की व्यावसायिक राजाधानी इंदौर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ी दी गई है। साथ ही प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के कार्यकर्ताओं की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार की रात से इंदौर के प्रमुख स्थानों के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सिनेमा घरों व मॉल्स पर पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। जगह-जगह पुलिस के दस्ते तैनात हैं और आने जाने वालों पर नजर रखे हुए हैं।
इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने आईएएनएस को बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सशस्त्र बल की 5 कंपनियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। साथ ही सिनेमाघरों, मॉल और निजी सुरक्षा कंपनियों के प्रमुखों को परामर्श दिया गया है कि वे सुरक्षा पर विशेष नजर रखें। जनता में जागरूकता लाने के लिए शासन और सामाजिक संगठनों से सहयोग लिया जा रहा है।
सिमी का कार्य क्षेत्र मालवा रहा है और उसकी गतिविधियां इंदौर, उज्जैन, धार, शाजापुर आदि इलाकों में प्रमुख तौर पर रही है। यहां सिमी के कैंप भी चलते रहे हैं।
पिछले दिनों सिमी प्रमुख सफदर नागौरी सहित एक दर्जन से अधिक प्रमुख कार्यकर्ता मालवांचल में गिरफ्तार किए गए थे। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 50 संदिग्ध सिमी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।
कर्नाटक और गुजरात के बम धमाकों में सिमी के शामिल होने की बात सामने आने पर इंदौर पुलिस विशेष तौर पर चौकस हो गई है।
इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार पुलिस उन लोगों की भी तलाश में जुट गई है जिनके सिमी से संबंध रहे हैं और जो लोग कभी इस संगठन के लिए सक्रिय रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications