अमेरिकी नागरिक के ई मेल हैक किए जाने की जांच शुरू
मुंबई, 27 जुलाई (आईएएनएस)। अहमदाबाद में शनिवार को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों से ठीक पहले नवी मुंबई में एक अमेरिकी नागरिक के ई-मेल द्वारा 'इंडियन मुजाहिदीन' के नाम से बम धमाके करने की धमकी को लेकर आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने ई-मेल हैक करने की घटना की जांच शुरू कर दी है।
एटीएस टीम रविवार को नवी मुंबई के उपनगर सनपाडा में रहने वाले 48 वर्षीय अमेरिकी नागरिक कैलिस क्यू के घर पहुंची। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि गुनिना अपार्टमेंट के एक फ्लैट में क्यू किराएदार के रूप में रह रहा है।
खुफिया एजेंसियों और कुछ समाचार चैनलों को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद कंप्यूटर के 'इंटरनेट प्रोटोकोल' (आईपी एड्रेस) का पता लगाया, जिससे इस बात का पता चला कि कंप्यूटर का संबंध नवी मुंबई के अभिषेक शर्मा के फ्लैट से है।
गुनिना अपार्टमेंट में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। उधर, सुरक्षा संबंधी स्थिति की समीक्षा करने के लिए महाराष्ट्र पुलिस और गृह मंत्रालय की आपात बैठक बुलाई गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications