लंदन ग्रां पी : 200 मीटर में भी बोल्ट ने साबित की श्रेष्ठता
लंदन, 27 जुलाई (आईएएनएस)। सौ मीटर फर्राटा दौड़ के विश्व रिकार्डधारी एथलीट जमैका के उसियन बोल्ट ने लंदन ग्रां पी की 200 मीटर दौड़ में शानदार जीत दर्ज की है। बोल्ट ने 19.84 सेकेंड समय के साथ यह दौड़ जीती।
बोल्ट ने दो सप्ताह पहले 200 मीटर दौड़ में इस वर्ष का बेहतरीन समय निकाला था। बोल्ट अगर बीजिंग ओलंपिक की 100 मीटर दौड़ में भी शिरकत करते हैं तो वे संभावित विजेता माने जा रहे अमेरिका के टायसन गे की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
हालांकि बोल्ट ने बीजिंग ओलंपिक की 100 तथा 200 मीटर स्पर्धाओं में शिरकत करने को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं किया है। बोल्ट ने खेल वेबसाइट 'यूरोस्पोर्ट' को बताया, "मैंने इस संबंध में अब तक कोई फैसला नहीं किया है। मेरे कोच इस बारे में फैसला करेंगे।"
बहरहाल, लंदन ग्रां पी की पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में अमेरिका के वॉलेस स्पीयरमैन 20.27 सेकेंड समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आयरलैंड के पॉल हेसेन 20.37 सेकेंड समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
200 मीटर स्पर्धा की ओलंपिक चैंपियन जमैका की वेरोनिका कैंपबेल ने 10.87 सेकेंड समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर दौड़ जीती। जमैका की शैली एन फ्रेजर 10.95 सेकेंड समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications