अमरनाथ विवाद : जम्मू में कर्फ्यू के दौरान प्रदर्शन, कई नेता गिरफ्तार (लीड-1)
जम्मू, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू में कर्फ्यू के बावजूद रविवार को लगातार तीसरे दिन लोगों का प्रदर्शन जारी रहा। वे मांग कर रहे थे कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) को पूर्व में आवंटित भूखंड उसे वापस सौंपा जाए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति (एवाईएसएस ) और जम्मू बार एसोसिएशन के नेताओं को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे परेड मैदान पर कुलदीप कुमार डोगरा को श्रद्धांजलि का कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। डोगरा ने भूमि वापसी की मांग को लेकर आत्महत्या कर ली थी।
गिरफ्तार किए गए नेताओं में भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक खजुरिया, पूर्व रक्षा राज्य मंत्री चमनलाल गुप्ता, संघर्ष समिति के संयोजक लीलाकर्ण शर्मा और जम्मू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह सालाथिया शामिल हैं।
इससे पहले एसएएसबी से जमीन वापस लिए जाने के विरोध में जारी हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर रविवार को जम्मू में एक बार फिर कर्फ्यू लगा दिया गया। शनिवार को हिंसक प्रदर्शनों में 50 से अधिक लोग घायल हुए थे।
एसएएसबी की जमीन को लेकर आत्महत्या करने वाले कुलदीप कुमार डोगरा को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। शहर में हिंसा फिर से भड़कने की आशंका के मद्देनजर रविवार सुबह कर्फ्यू लगाया गया। इससे पूर्व गुरुवार को भी यहां कर्फ्यू लगाया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें पता चला था कि श्रद्धांजलि के लिए एकत्रित भीड़ हिंसक हो सकती है इसलिए हमने दोबारा कर्फ्यू लगाने का फैसला किया।
गौरतलब है कि बुधवार को जम्मू के परेड ग्राउंड में आत्महत्या से पहले 20 वर्षीय कुलदीप कुमार डोगरा ने एक भावुक भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस संघर्ष को बलिदान की जरूरत है। यहां अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति (एवाईएसएस) के कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर थे।
भाषण से पूर्व डोगरा ने कथित तौर पर जहर खा लिया था। पुलिस के अनुसार अचेत हो जाने के बाद डोगरा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डोगरा द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद जम्मू के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन शुरू हो गए। एवाईएसएस ने शुक्रवार को बंद का आह्वाहन किया था। वहीं उसी दिन कर्फ्यू भी हटा लिया गया था।
शनिवार को जम्मू में हिंसा फिर भड़क उठी थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़पें भी हुइर्ं, जिसमें पचास से अधिक लोग घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications