टोरंटो मास्टर्स : नडाल और केइफर में होगी खिताबी भिड़ंत
टोरंटो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पेशेवर टेनिस में दुनिया के दूसरे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल और जर्मनी के निकोलस केइफर टोरंटो मास्र्ट्स टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गए हैं। नडाल इस वर्ष अपना तीसरा मास्र्ट्स खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।
रोजर फेडरर को धूल चटाकर विंबलडन खिताब जीतने के बाद पहली बार कोर्ट पर उतरे प्रतियोगिता में तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नडाल इस सत्र में नौवीं बार फाइनल में पहुंचे हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड के एंडी मुरे को 7-6, 6-3 से पराजित किया।
नडाल अगर केइफर को हराकर खिताब जीतने में सफल रहे तो वह पेशेवर टेनिस संघ की व्यक्तिगत रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच सकते हैं। नडाल पिछले 28 मैचों से अजेय हैं। पिछले चार साल से दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी बने रहने वाले फेडरर खराब फार्म के कारण यह ताज खो सकते हैं।
दूसरी ओर, प्रतियोगिता में कोई भी वरीयता हासिल नहीं कर सके केइफर ने सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए फ्रांस के खिलाड़ी जाइल्स साइमन को 6-7, 6-3, 7-6 से पराजित किया। साइमन ने प्रतियोगिता के दूसरे दौर में फेडरर को हराया था। केइफर तीन साल बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता का फाइनल खेलेंगे। उन्होंने अपना आखिरी खिताब वर्ष 2000 में हांगकांग में जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications