मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, 14 घायल
भोपाल, 27 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में विश्वास मत के दौरान नोटों की गड्डियां लहराने वाले भाजपा के सांसद अशोक अर्गल का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच मुरैना में झड़प हो गई। दोनों ओर से चले पत्थर और डंडों में 9 कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित पुलिस के 5 जवान भी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार सांसद अर्गल का रविवार को मुरैना आने का कार्यक्रम तय था। इसके विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन और सांसद का मुंह काला करने का एलान किया था। सुबह 10 बजे बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे जिन्हें पुलिस ने रोक लिया।
इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस में विवाद हुआ। बात डंडे चलने और पत्थरबाजी तक पहुंच गई। इस मारपीट में नगर निरीक्षक के.डी. सोनकिया सहित 5 पुलिस जवान और महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा शिवहरे सहित कुल 9 कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए।
मुरैना के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने आईएएनएस को बताया है कि सांसद के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले 14 महिलाओं सहित कुल 175 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। सिंह के अनुसार पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का मुक्की तथा मारपीट भी हुई, जिसमें कई लोग घायल भी हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications