वाराणसी में मौलाना की गिरफ्तारी पर बवाल, समर्थकों ने लगाया जाम
वाराणसी, 27 जुलाई (आईएएनएस)। वाराणसी में शनिवार को राजस्थान पुलिस द्वारा एक मदरसे के मौलाना को उठाए जाने पर एक खास वर्ग के लोगों ने न सिर्फ उसे छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया बल्कि शहर में लगभग चार घंटे तक जाम भी लगाया।
मामला दरअसल यह था कि कुछ दिन पहले जयपुर में 16 लाख की लूट हुई थी, वहां की पुलिस इसकी छानबीन कर रही थी। छानबीन के दौरान वाराणसी के जामिया सल्फिया मदरसे के मौलाना अब्दुल मतीन का नाम आया। आज दोपहर में राजस्थान के क्राइम ब्रांच के एसपी और दो सिपाहियों ने भेलूपुर थाने की निशानदेही पर लक्सा थाने की मदद से मौलाना मतीन को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय प्रकाश से बात करने पर उन्होंने बताया कि राजस्थान में इसकी पुलिस को तलाश थी इसलिए पूछताछ के लिए उठाया गया है। यह पूछने पर कि क्या वाराणसी पुलिस भी पूछताछ करेगी तो उन्होंने कहा कि यदि इसकी जरूरत पड़ेगी तो जरूर करेगी। लेकिन यदि सूत्रों की मानें तो अब्दुल मतीन को जयपुर विस्फोट के सिलसिले में पकड़ा गया है।
वाराणसी पुलिस में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सर्विलांस के जरिये इसे चिन्हित किया गया है, पुलिस की इस पर काफी दिनों से नजर थी। इसीलिए आज इसे गिरफ्तार किया गया है। एक खास वर्ग के बवाल के बारे में पूछने पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि गहन पूछताछ के बाद ही उसे राजस्थान जाने दिया जायेगा। फिलहाल पुलिस अभी औपचारिक रूप से कुछ भी कहने से मना कर रही है। लेकिन पूरा शहर पूरे चार घंटे जाम से बिलबिलाता रहा , तरह तरह की अफवाहें भी उड़ती रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications