नडाल टोरंटो मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे, केइफर से भिड़ेंगे (लीड-1)
टोरंटो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पेशेवर टेनिस में दुनिया के दूसरे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल टोरंटो मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गए हैं। इस वर्ष अपना तीसरा मास्टर्स खिताब जीतने की कोशिश के तहत नडाल फाइनल में जर्मनी के निकोलस केइफर से भिड़ेंगे।
रोजर फेडरर को धूल चटाकर विंबलडन खिताब जीतने के बाद पहली बार कोर्ट पर उतरे प्रतियोगिता के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नडाल इस सत्र में नौवीं बार फाइनल में पहुंचे हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड के एंडी मुरे को 7-6, 6-3 से पराजित किया।
नडाल अगर केइफर को हराकर खिताब जीतने में सफल रहे तो वह पेशेवर टेनिस संघ की व्यक्तिगत रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच सकते हैं। नडाल पिछले 28 मैचों से अजेय हैं। पिछले चार साल से दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी बने रहने वाले फेडरर खराब फार्म के कारण यह ताज खो सकते हैं।
दूसरी ओर, प्रतियोगिता में कोई भी वरीयता हासिल नहीं कर सके केइफर ने सेमीफाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए फ्रांस के खिलाड़ी जाइल्स साइमन को 6-7, 6-3, 7-6 से पराजित किया। साइमन ने प्रतियोगिता के दूसरे दौर में फेडरर को हराया था।
केइफर तीन साल बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता का फाइनल खेलेंगे। उन्होंने अपना आखिरी खिताब वर्ष 2000 में हांगकांग में जीता था।
इससे पूर्व, प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुरे ने सर्बिया के नुवाक जोकोविच को 6-3, 7-6 से हराया था, जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल में नडाल फ्रांस के रिचर्ड गास्क्वेट को 7-6, 6-2, 6-1 से हराने में सफल रहे थे। हालांकि, गास्क्वेट ने पहले सेट में नडाल को चौंकाया था, लेकिन आगे के सेटों में नडाल ने उन्हें एक भी मौका नहीं दिया। एक अन्य क्र्वाटर फाइनल मैच में साइमन ने क्रोएशिया के मैरिन सेलिक को 3-6, 6-2, 6-3 से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications