जीव ने जापान ओपन गोल्फ जीता
होकायदो (जापान), 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह ने जापान ओपन गोल्फ खिताब जीत लिया है। पिछले हफ्ते ब्रिटिश ओपन में खेलने की योग्यता हासिल करने से चूकने वाले जीव ने शानदार खेल दिखाकर प्रतियोगिता के चौथे और अंतिम दौर में 6 अंडर पार 66 का जबरदस्त कार्ड खेलते हुए पहला स्थान हासिल किया।
खिताबी जीत के साथ जीव ने कुल स्कोर के मामले में प्रतियोगिता के रिकार्ड की बराबरी की। उन्होंने चार दौर में 13 अंडर 275 स्कोर हासिल किया। जापान के गोल्फर लिन चेन की ने यह रिकार्ड कायम किया था।
पहले दौर में शानदार प्रदर्शन के साथ चौथा स्थान हासिल करने वाले जीव दूसरे दौर में निराशाजनक रूप से 24वें स्थान पर पहुंच गए थे। स्कॉटिश और यूरोपीय ओपन में भी जीव ने पहले दौर में बढ़िया खेल दिखाया था, लेकिन बाद के दौर में वह अपने खेल पर नियंत्रण नहीं रख पाए थे।
बहरहाल, जापान ओपन के तीसरे दौर में जीव ने एक बार फिर शानदार वापसी की और चौथे स्थान पर पहुंच गए। अंतिम दौर में बढ़िया प्रदर्शन उन्हें खिताब दिला सकता था। जीव ने सटीक खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किया। बैक नाइन में उनका प्रदर्शन देखने लायक रहा, जबकि वह अंतिम चार होल पर तीन बार बर्डी लगाने में कामयाब रहे। कुल मिलाकर जीव ने चौथे दौर में सात बर्डी लगाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications