टोरंटो मास्टर्स : नडाल के साथ सेमीफाइनल में भिड़ेंगे मुरे
टोरंटो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिटेन के शीर्ष वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी एंडी मुरे टोरंटो मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। अंतिम चार मुकाबले में उनका सामना दुनिया के दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल से होगा। पिछले चार मौकों से जोकोविच के हाथों हार झेल रहे मुरे ने शानदार खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल मैच में 6-3, 7-6 से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, नडाल ने मैराथन मुकाबले के बाद रिचर्ड गास्क्वेट को 7-6, 6-2, 6-1 से पराजित किया। हालांकि, गास्क्वेट पहले सेट में नडाल को चौंकाने में सफल रहे, लेकिन आगे के सेटों में नडाल ने उन्हें एक भी मौका नहीं दिया और सिर्फ तीन गेम गंवाकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया।
नडाल अगर सेमीफाइनल में मुरे को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाने में सफल रहे तो वह पेशेवर टेनिस संघ की व्यक्तिगत रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच सकते हैं। नडाल पिछले 27 मैचों से अजेय रहे हैं। पिछले चार साल से दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी बने रहने वाले फेडरर खराब फार्म के कारण यह ताज खो सकते हैं।
दूसरी ओर, रोजर फेडरर को दूसरे दौर में चौकाने वाले फ्रांसीसी खिलाड़ी जाइल्स साइमन एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में निकोलस केइफर का सामना करेंगे। दुनिया के 22वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी साइमन ने क्रोएशिया के मैरिन सेलिक को 3-6, 6-2, 6-3 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications