मॉडलिंग भी है सम्मानजनक पेशा
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। सुष्मिता सेन और ऐश्वर्य राय ने 'मिस यूनिवर्स' तथा 'मिस वर्ल्ड' का खिताब जीतकर देश भर में मॉडलिंग के क्षेत्र में क्रांति ला दी। इसके बाद ही देश में मॉडलिंग ने सम्मानजनक व्यवसाय का रूप धारण कर लिया तथा देश के सामाजिक वातावरण में भी काफी बदलाव आया ।
आज मॉडल बनना भारत में भी एम.बी.ए. या सरकारी कर्मचारी बनने के समान ही है। अब इस व्यवसाय को हेय दृष्टि से नहीं देखा जाता, बल्कि इसकी बजाय अब यह सम्मानजनक, स्वीकृत तथा अत्याधिक पारिश्रमिक से जुड़ा व्यवसाय समझा जाता है। अदिति गोवित्रिकर डॉक्टर हैं, राहुल देव कमर्शियल पायलट हैं। इन्होंने मॉडल बनने के लिए अपने आकर्षक करियर को छोड़ दिया था।
इस संबंध में महत्वपूर्ण प्रश्न ये है कि मॉडल कैसे बन सकते हैं तथा कौन बन सकते हैं? मॉडल के रूप में काम करना आसान नहीं है। इसके लिए अच्छे नैन-नक्श का होना जरूरी है; लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण आपकी अभिवृत्ति है। सही दृष्टिकोण या अभिवृत्ति अधिक अनिवार्य है। मॉडलिंग का अर्थ घंटों तक निरंतर मेहनत करते रहना है। इसीलिए टॉप मॉडल शौकिया मॉडल से अलग हो जाते हैं। आपको नवीनतम फैशन परिपाटी से हमेशा अवगत रहना चाहिए। आपको हमेशा स्फूर्तिवान् बने रहने का प्रयास करना चाहिए।
आप स्वस्थ तथा सुडौल हों - यह इस व्यवसाय की पूर्वापेक्षा है। हालांकि पतले होने से ही प्रभाव नहीं पड़ता। मॉडलिग का अनुभव पर आधारित नियम है - छरहरा बदन, लेकिन दुर्बल नहीं। अलग-अलग मॉडलों के कुछ मानदंड हैं। उदाहरणार्थ, रैंप मॉडल बनने के लिए कम से कम निर्धारित कद होना चाहिए।
जब आप यह निर्णय कर लेते हैं कि आप देखने में अच्छे हैं, तो आपको क्या करना चाहिए? क्या आप घंटों तक कार्य कर सकते हैं? क्या आप वास्तव में कामयाब होना चाहते हैं?
सबसे पहले आपको पोर्टफोलियो तैयार करना है। पोर्टफोलियो पर मॉडल की सफलता निर्भर है। इससे उसका पूरा व्यावसायिक करियर ही बदल जाता है। इसके लिए सर्वोत्तम विकल्प यही है कि किसी अच्छे कुशल फोटोग्राफर के पास जाएं। हालांकि फोटोग्राफी महंगी पड़ती है; लेकिन कुछ पाने के लिए पैसा तो लगाना ही पड़ता है। पोर्टफोलियो काफी महंगे होते हैं लेकिन शुरू-शुरू में ऐसे खर्चे जरूरी होते हैं। बाद में आगे चलकर यही पोर्टफोलियो लाभप्रद सिद्ध होते हैं।
पोर्टफोलियो तैयार करना इतना आसान कार्य नहीं है जितना प्रतीत होता है। सही फोटोग्राफर का चुनाव करना जरूरी है, जो नैन-नक्श को कैमरे में बंद कर लेता है तथा विज्ञापनदाता और फैशन डिजाइनर के सामने सबसे सुंदर चेहरे के रूप में उसका फोटोग्राफ प्रस्तुत करता है। यह पोर्टफोलियो एजेंसी या कोरियोग्राफर या ऐसे व्यक्ति को दिया जाए, जो शो एवं विज्ञापन अभियान के लिए मॉडल की भर्ती करता है। अर्थात् साधारण मेकअप में खींचे गए पांच-छह फोटोग्राफ दिए जाएं, जिनसे मॉडल के इच्छुक व्यक्ति की त्वचा एवं बालों के आकर्षण का अंदाज हो सके।
इसके बाद अगले चरण में एजेंसियों, मॉडल समन्वयक (कोऑर्डिनेटर), प्रोडक्शन हाउस, विज्ञापन एजेंसियों और डिजाइनर के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यहां उन्हें पोर्टफोलियो देने के बाद इंतजार करना पड़ता है। समय-समय पर उन्हें याद भी दिलाना पड़ता है। यह कार्य आसान नहीं है। आपको ध्यान में रखना होगा कि हजारों लोग वही कर रह हैं, जो आप कर रहे हैं।
मॉडलिंग की मूलभूत पूर्वापेक्षा अच्छी त्वचा, बाल, आकार तथा हाथ-पैर हैं। तब अमूर्त पक्ष अर्थात् आपकी 'अभिवृत्ति' और 'रवैया' आदि आता है। इस व्यवसाय में इस पक्ष की अधिक महत्ता है। हम किसी व्यक्ति को चलने, उठने-बैठने का सलीका सिखा सकते हैं; लेकिन रवैया एवं अभिवृत्ति आंतरिक पक्ष हैं, रैंप या स्क्रीन पर प्रस्तुत होना, लोगों तक पहुंचने का मार्ग है। आत्मज्ञान या स्वयं की जानकारी अन्य पक्ष है। यह जरूरी है कि आप शीशे के सामने देर तक खड़े रहें, लेकिन स्वयं पर सम्मोहित न हों। ऐसा करके आप कैमरे का सामना करते समय अपनी इमेज की कल्पना कर सकते हैं। आपको यह जानना होगा कि कौन सी मुद्रा सर्वोत्तम है।
भारत में अभी तक ऐसी मॉडलिंग एजेंसी नहीं है, जो पूर्णकालीन मॉडल्स को काम पर रखे तथा उनके लिए कार्य ढूंढ़ सके । जबकि विदेशों में रिकाडरे ग्रे, मेट्रोपोलिटन जैसी एजेंसियां अपने मॉडल्स के लिए कार्य ढूंढने के लिए कार्य करती हैं। परंतु इसके विपरीत, भारत अभी भी इस व्यवसाय की प्रारंभिक अवस्था में है। यहां भावी मॉडल किसी मॉडल समन्वय के साथ मिलकर कार्य करते हैं, जो मूलत: एजेंट हैं। ये समन्वयक पोर्टफोलियो को विभिन्न विज्ञापन एजेंसियों, फैशन डिजाइनरों के पास भेज देते हैं।
सामान्यत: मॉडल समन्वयक स्वतंत्र उद्यमी होते हैं तथा ये किसी फर्म या एजेंसी के साथ नहीं जुड़े होते हैं। ये विज्ञापन एजेंसियों एवं मॉडल के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं; लेकिन ये संविदा के आधार पर कार्य करते हैं। मॉडल समन्वयक प्राय: मॉडल की आमदनी का 30 प्रतिशत कमीशन लेते हैं। इसलिए यदि आप समन्वयक की सेवा नहीं लेते तो आपको यह कार्य स्वयं करना पड़ेगा।
पिछले कुछ वर्षो में इस उद्योग में फेमिना मिस इंडिया, ग्रेसिम मिस्टर इंडिया तथा ग्लार्ज सुपर मॉडल द्वारा साझा प्लेटफार्म/मंच तैयार हुआ है। भव्य समारोहों एवं शो के इन विजेताओं के नाम घर-घर तक पहुंचते हैं। विदेशों में मॉडलिंग एजेंसियों के अनुसार मॉडलिंग करानेवाली कुछ एजेंसियां मौजूद हैं। लेकिन ये परिधान प्रदर्शनी तथा मनोरंजन कंपनियों के रूप में कार्य करती हैं। इनकी सूची नीचे दी गई है।
ब्वॉयज इवेंट्स एंड एंटरमेंट कौंसिल ट्रेड की दृष्टि से मॉडलिंग को बढ़ावा दे रही है। ये कौंसिलें उनके नाम प्रायोजित करती हैं तथा पोर्टफोलियों 'शूट' करती हैं और उनके लिए कार्य ढूंढती हैं। इन एजेंसियों के पास मॉडल के लिए दो पैकेज हैं। पहले पैकेज मे कार्य पर ध्यान न देते हुए मॉडल को मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। दूसरे पैकेज में एजेंसियां मॉडल के लिए प्रचार करती हैं तथा उनकी आमदनी का कुछ प्रतिशत लेती हैं।
इंटरनेट पर ऐसी विभिन्न साइट्स हैं, जहां इच्छुक/उभरते हुए मॉडल अपनी तस्वीर तथा परिचय भेजते हैं। इनमें से कुछ साइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट मॉडलिंग करियर डॉट कॉम, डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट द-रैम्प डॉट कॉम, डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट आईएएमएएमओडीईएल डॉट कॉम हैं।
यह सामान्य धारणा गलत है कि मॉडलिंग में एक ही छलांग में अपना लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। प्रारंभिक अवस्था में अच्छी आमदनी नहीं होती। नए मॉडल्स प्रति माह पांच हजार से सात हजार रुपए तक कमा सकता है। यह आमदनी प्रचार अभियान के प्रकार पर निर्भर करती है। जबकि प्रतिष्ठित मॉडल प्रतिमाह पचास हजार से एक लाख रुपए तक कमा सकता है।
यह सर्वविदित तथ्य है कि मॉडल का कैरियर बहुत छोटा होता है। प्राय: अधिकाधिक चार-पांच वर्ष होता है। तथापि मॉडलिंग की दुनिया में कैरियर मिलने के बाद आपको अनेक मौके मिलते हैं। यदि आप मॉडलिंग उद्योग में बने रहना चाहते हैं तो आप मॉडल समन्वयक या शो कोरियोग्राफर बन सकते हैं। बॉलीवुड या टी.वी. धारावाहिकों में हमेशा गुंजाइश रहती है। अनेक मॉडल म्यूजिक चैनल पर आते हैं तथा वीजे बन जाते हैं।
(कैरियर संबंधी और अधिक जानकारी के लिए देखिए ग्रंथ अकादमी, नई दिल्ली से प्रकाशित ए. गांगुली और एस. भूषण की पुस्तक "अपना कैरियर स्वयं चुनें"।)
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications