अब अभिनय भी करेंगे मीका
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। राखी सांवत के साथ चुंबन विवाद को लेकर चर्चित रहे पंजाबी पॉप गायक मीका अब फिल्म 'लव डॉट कॉम' में अभिनय भी करते नजर आएंगे।
हिट फिल्म 'जब वी मेट' का गीत 'मौजा ही मौजा' गा चुके मीका लव डॉट काम में एक क्लब के मालिक की भूमिका में दिखेंगे, जो सुपारी कीलर्स द्वारा इंटरनेट के दुरुपयोग को उजागर करेंगे।
निर्देशक विनोद मुखी की यह पहली फिल्म है। यह फिल्म सितंबर में रिलीज होगी। फिल्म में मीका का साथ देंगी, तेलुगू फिल्मों की अभिनेत्री मुमैद खान, जो मीका के क्लब में नर्तकी की भूमिका निभाएंगी।
मुखी ने आईएएनएस से कहा, "फिल्म में मीका मुख्य भूमिका में होंगे। वे गाते, नाचते और मस्ती करते क्लब बॉस के रूप में दिखेंगे, लेकिन अपने क्लब में किसी भी तरह का दुर्व्यवहार उन्हें पसंद नहीं होगा।"
मुखी के अनुसार फिल्म का संगीत लोगों को काफी पसंद आएगा। इसमें मीका ने एक हिप-हॉप गीत भी गाया है।
'लव डॉट कॉम' के अलावा मीका सुनील शेट्टी की पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट की फिल्म 'लूट' में भी अभिनय करते दिखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications