कार्यकर्ता को मारने दौड़े शिवराज
भोपाल, 26 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता अपनी ताकत का इजहार करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। यह बात शुक्रवार को सागर जिले के खुरई में खुलकर सामने भी आई। यहां बिगड़ते हालातों को देखकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गुस्से को काबू में नहीं कर पाए। उनके गुस्से का आलम यह था कि वे एक कार्यकर्ता को मारने तक के लिए दौड़ पड़े।
सागर जिले के खुरई में शुक्रवार की शाम को विकास सम्मेलन का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री चौहान इस सम्मेलन को जब संबोधित कर रहे थे तब वहां मौजूद कार्यकर्ता खुरई को जिला बनाने की मांग करते हुए नारेबाजी करने में जुटे थे। बाद में कुछ कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री तक पहुंचने की कोशिश की तो सुरक्षाकर्मियों से उनका विवाद हो गया। इसे देखकर चौहान को गुस्सा आ गया और वे हाथ ऊपर उठाकर कार्यकर्ता को मारने के लिए दौड़ पड़े।
सागर के कलेक्टर हीरालाल त्रिवेदी ने आईएएनएस से बातचीत में यह स्वीकार किया कि कार्यकर्ताओं के रवैये से मुख्यमंत्री गुस्से में आ गए थे और उनकी तरफ हाथ उठाकर डांटते हुए तेजी से बढ़े भी थे। उन्होंने इस बात से इंकार किया कि मुख्यमंत्री ने उस कार्यकर्ता की पिटाई की।
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह सिसोदिया का कहना है कि उनकी स्वयं मुख्यमंत्री चौहान से इस मुद्दे पर बात हुई है। चौहान ने उन्हें बताया है कि पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ विवाद जरूर हुआ था। सिसोदिया भी कार्यकर्ता की पिटाई की बात मानने को तैयार नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications