पाकिस्तान में नहीं खेलना चाहते दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर
जोहानसबर्ग, 26 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम के सदस्य सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में नहीं खेलना चाहते।
दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों ने चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता को पाकिस्तान में ही कराए जाने के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के फैसले पर नाराजगी जताई है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम के कप्तान ग्रीम स्मिथ ने अफ्रीका के समाचार पत्र 'बील्ड' से बातचीत के दौरान कहा कि उनके साथी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने कहा, "खिलाड़ी के रूप में हम पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं।" दक्षिण अफ्रीकी टीम अभी इंग्लैंड दौरे पर है।
स्मिथ ने कहा कि पाकिस्तान के मौजूदा हालात की तुलना अक्टूबर 2007 के हालात से नहीं की जानी चाहिए, जब दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आखिरी बार पाकिस्तान दौरा किया था। उन्होंने कहा, "तब से लेकर आज तक काफी कुछ बदला है। पिछले कुछ सप्ताह में जो कुछ घटा है, उसने हमें डरा दिया है।"
इधर, दक्षिण अफ्रीकी प्लेअर्स एसोसिएशन के प्रमुख टोनी इरीश ने भी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। हालांकि इरीश ने इस बात से इनकार किया कि दक्षिण अफ्रीकी टीम प्रतियोगिता का बहिष्कार करने जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications