चैंपियंस ट्राफी को लेकर टीमों पर दबाव नहीं डाल सकते : आईसीसी
कराची, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने साफ किया है कि वह सितंबर में पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने को लेकर टीमों पर दबाव नहीं डालेगी।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोगार्ट ने शनिवार को आधिकारिक बयान में कहा, "हम टीमों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान में सुरक्षा की गारंटी दे सकते हैं, लेकिन हम किसी पर खेलने का दबाव नहीं डाल सकते। आशा है हमारी स्थिति को समझते हुए टीमें और खिलाड़ी प्रतियोगिता में शिरकत करने के लिए आगे आएंगे।"
लोगार्ट ने कहा कि जितनी टीमें पहुंचेंगी, उन्हीं के बीच टूर्नामेंट खेला जाएगा। उन्होंने हालांकि टूर्नामेंट का बहिष्कार करने वाली टीमों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, "टेलीकांफ्रेंसिंग के दौरान टीमों के रवैये से एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि वे टूर्नामेंट का बहिष्कार करेंगी। ऐसी स्थिति में हम टीमों के पाकिस्तान नहीं आने के बारे में फिलहाल नहीं सोच रहे हैं।"
चैंपियंस ट्राफी का आयोजन 11 से 28 सितंबर तक होगा। इसके मैच रावलपिंडी, लाहौर और कराची में खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications