बंगलौर विस्फोट : पटरी पर लौटने लगी जिंदगी
बंगलौर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। सिलसिलेवार विस्फोटों के एक दिन बाद शनिवार को सूचना प्रौद्योगिक केंद्र कहे जाने वाले बंगलौर शहर का जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। हालांकि, शहर की सुरक्षा को लेकर लोगों के मन कई सवाल उठने लगे हैं।
शुक्रवार को शहर में एक घंटे के भीतर हुए आठ विस्फोटों से एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि सात लोग घायल हो गए थे। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "शहर में स्थिति सामान्य है और लोगों में किसी तरह का आतंक नहीं है। शहर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए हमलोग कदम उठा रहे हैं।"
शनिवार होने की वजह से शहर के कई निजी स्कूल बंद हैं और सूचना प्रौद्योगिकी व उससे संबंधित दफ्तर बंद हैं। इसकी वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा सड़कों पर गाड़ियां कम दिखीं।
सरकारी कार्यालयों और विभिन्न निजी कंपनियों के दफ्तर में सामान्य उपस्थिति दर्ज की गई है, लेकिन कई माता-पिताओं ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना उचित नहीं समझा।
अन्य दिनों की तरह शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स खुले हुए हैं, लेकिन यहां आने जाने वालों के थैले की जांच पूरी सावधानी के साथ की जा रही है। इसके बावजूद सामान्यत: साप्ताहांत भीड़ को लेकर दुकानों के प्रबंधक आशंकित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications