बीजिंग ओलंपिक : वीडियो जारी कर हमले का इरादा जताया
बीजिंग, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक पर आतंकी हमले का खतरा गहरा गया है। शनिवार को उइगहुर नाम के अलगाववादी संगठन ने इंटरनेट पर एक वीडियो जारी कर बीजिंग सहित अन्य आयोजन स्थलों पर हमले का इरादा जाहिर किया।
तीन मिनट के वीडियो में एक व्यक्ति ने खुद को तुर्केस्तान इस्लामिक पार्टी का मुखिया बताया। उसने दावा किया कि हाल के दिनों में चीन में हुए सिलसिलेवार धमाकों में उसके लोगों का हाथ रहा है।
विशेषज्ञ हालांकि इस वीडियो फिल्म की सत्यता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उइगहुर संगठन ने खुद से अभी तक बीजिंग ओलंपिक में हमले की कोई बात नहीं कही है।
अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ तुर्केस्तान इस्लामिक पार्टी को पूर्वी तुर्केस्तान स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़कर देख रहे हैं।
बहरहाल, चीन की सुरक्षा एजेंसियों ने वीडियो में किए गए दावे के मुताबिक चीन में पिछले दिनों हुए धमाकों और बीजिंग ओलंपिक में धमाके करने की बात में अभी तक तालमेल कायम नहीं किया है। हालांकि उनका मानना है कि उइगहुर संगठन बीजिंग ओलंपिक के दौरान हमले करने में सक्षम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications