अमेरिका ने जिम्बाब्वे पर प्रतिबंध बढ़ाया
वाशिंगटन, 26 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे में चुनावों को हिंसा और धमकी से प्रभावित करने के कारण वहां के अधिकारियों पर लगे प्रतिबंधों को और बढ़ा दिया है।
इन प्रतिबंधों में 27 जून को राष्ट्रपति चुनाव में राबर्ट मुगाबे के समर्थन में विपक्षी पार्टी के विरूद्ध हिंसा में शामिल जिम्बाब्वे के वरिष्ठ अधिकारियों की अमेरिका में स्थित सम्पत्ति सील करने का प्रावधान है।
बुश ने एक बयान में कहा , "मैं आज एक नए आदेश पर हस्ताक्षर कर रहा हूं जिससे जिम्बाब्वे की अवैध सरकार पर लगे प्रतिबंध और बढ़ जाएंगे।" बुश ने कहा कि मुगाबे शासन द्वारा राजनीति से प्रेरित हिंसा लगातार जारी रखने के कारण यह कदम उठाया गया है।
इस कदम के बाद अमेरिकी नागरिकों को जिम्बाब्वे के अधिकारियों और उनके परिवार के व्यक्तियों के साथ व्यापार पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मुगाबे ने जून में हुए चुनाव में विपक्षी मूवमेंट फार डेमोक्रेटिक चेंज (एमडीसी) के नेता मार्गन स्वांगिरी द्वारा सरकारी हिंसा के खिलाफ सुरक्षा कारणों से हट जाने के बाद आसानी से चुनाव जीत लिया था।
जिम्बाब्वे के सुरक्षा बलों ने चुनाव के पहले स्वांगिरी के काफी समर्थकों को गिरफ्तार किया और उनकी सभा में शामिल लोगों की पिटाई की।
अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलिजा राइस और कई यूरोपीय विदेशमंत्रियों ने मुगाबे की जीत को 'शर्मनाक' करार दिया था। अमेरिका और यूरोपीय संघ ने कई साल से मुगाबे पर अपने देश में आने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
बुश ने कहा कि वे हिंसा के भय से पड़ोसी देशों में पलायन कर गए जिम्बाब्वे के नागरिकों की सहायता के लिए अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को 25 लाख डालर की सहायता भी देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications