कोलंबो टेस्ट : सहवाग का विकेट गिरा, भारत के एक विकेट पर 25 रन (ली-2)
कोलंबो, 26 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीलंका के साथ सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन फालोऑन खेल रही भारतीय क्रिकेट टीम ने भोजनावकाश तक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का विकेट गंवाकर एक विकेट पर 25 रन बना लिए थे।
सहवाग भोजनावकाश से ठीक पहले 13 रन बनाकर मुथैया मुरलीधरन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। उन्होंने 17 गेंदों पर दौ चौके लगाए। भारत के दूसरे सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर नाबाद हैं।
पहली पारी में श्रीलंका के स्कोर 6 विकेट पर 600 रन (घोषित) के जवाब में अपनी पहली पारी में 223 रन बनाने वाली भारतीय टीम अभी भी 312 रन से पीछे है। पहली पारी की तुलना में भारतीय टीम श्रीलंका से 337 रनों से पीछे रह गई थी।
इससे पहले, तीसरे दिन के अपने स्कोर 6 विकेट पर 159 रन से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम कुल योग में 64 रन जोड़ने के बाद सिमट गई। भारत की ओर से वीवीएस लक्ष्मण ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। लक्ष्मण तीसरे दिन 19 रन पर नाबाद लौटे थे। लक्ष्मण ने 118 गेंद खेलकर छह चौके लगाए।
तीसरे दिन एक रन पर नाबाद लौटने वाले कप्तान अनिल कुंबले अपने स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं कर सके और असंथा मेंडिस की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। हरभजन सिंह ने नौ रन बनाए, जबकि जहीर खान पांच रन पर आउट हुए। इशांत शर्मा 13 रन बनाकर अविजित लौटे।
चौथे दिन के पहले सत्र में मेंडिस और मुरलीधरन ने पहली पारी में भारत के सभी विकेट झटके। मुरलीधरन ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए, जबकि अपना पहला टेस्ट खेल रहे मेंडिस ने चार विकेट लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications