कोलंबो टेस्ट : भारत को दूसरा झटका, लक्ष्मण 21 रन पर आउट (लीड-3)
कोलंबो, 26 जुलाई (आईएएनएस)। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट मैदान पर श्रीलंका के साथ खेले जा रहे पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को फालोऑन खेल रही भारतीय टीम ने 53 रन के कुल योग पर अपना दूसरा विकेट खो दिया है।
पहली पारी में सबसे अधिक 56 रन बनाने वाले वीवीएस लक्ष्मण को पदोन्नत करके तीसरे क्रम पर भेजा गया था, लेकिन वह 21 रन बनाने के बाद युवा स्पिन गेंदबाज असंथा मेंडिस की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। भारतीय टीम दूसरी पारी की तुलना में श्रीलंका से अभी भी 324 रन पीछे चल रही है। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 600 रन (घोषित) बनाए थे।
भारत का पहला विकेट भोजनावकाश से ठीक पहले सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के रूप में गिरा। सहवाग ने 13 रन बनाए। भारत के दूसरे सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर 19 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर बिना खाता खोले उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, तीसरे दिन के अपने स्कोर 6 विकेट पर 159 रन से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम कुल योग में 64 रन जोड़ने के बाद सिमट गई। भारत की ओर से वीवीएस लक्ष्मण ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। लक्ष्मण तीसरे दिन 19 रन पर नाबाद लौटे थे। लक्ष्मण ने 118 गेंद खेलकर छह चौके लगाए।
तीसरे दिन एक रन पर नाबाद लौटने वाले कप्तान अनिल कुंबले अपने स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं कर सके और असंथा मेंडिस की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। हरभजन सिंह ने नौ रन बनाए, जबकि जहीर खान पांच रन पर आउट हुए। इशांत शर्मा 13 रन बनाकर अविजित लौटे।
चौथे दिन के पहले सत्र में मेंडिस और मुरलीधरन ने पहली पारी में भारत के सभी विकेट झटके। मुरलीधरन ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए, जबकि अपना पहला टेस्ट खेल रहे मेंडिस ने चार विकेट लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications