चारा घोटाले मामले के दोषी सजल चक्रवर्ती निलंबित किए गए
रांची, 26 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाले के मामले में दोषी पाए गए राज्य के परिवहन सचिव सजल चकवर्ती को झारखंड सरकार ने निलंबित कर दिया है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत द्वारा चकवर्ती को चार साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई जाने के बाद राज्य सरकार ने शुक्रवार को उनके निलंबन की घोषणा की।
चकवर्ती के निलंबन के संबंध में राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार देर शाम अधिसूचना जारी की गई। चकवर्ती की जगह अमरेन्द्र प्रताप सिंह को परिवहन विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
चक्रवर्ती को यूं तो पहले ही सजा सुना दी जाती, लेकिन छाती में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें पिछले दिनों राजेन्द्र इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भर्ती कराया गया था। पिछले शुक्रवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश बी. के. सहाय ने उन्हें सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने के वक्त चकवर्ती अदालत में स्ट्रेचर पर लेटे हुए थे।
चक्रवर्ती फिलहाल रिम्स में भर्ती हैं। माना जा रहा है कि सीबीआई की विशेष अदालत के इस फैसले के खिलाफ वे उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई की विशेष अदालत ने पिछले वर्ष 14 जुलाई को इस मामले में 64 लोगों को दोषी करार दिया था। इस मामले में कुल 76 लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, चार सरकारी गवाह बन चुके हैं, जबकि दो ने अपने गुनाह कबूल कर लिया है। एक व्यक्ति गायब है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications