अहमदाबाद विस्फोट : 8 सिलसिलेवार बम धमाके, 2 मरे (लीड-1)
अहमदाबाद, 26 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बंगलौर में शुक्रवार को हुए 8 सिलसिलेवार बम धमाकों के ठीक एक दिन बाद शनिवार शाम गुजरात के अहमदाबाद में अलग-अलग स्थानों पर 8 सिलसिलेवार बम धमाके हुए। इन धमाकों में दो लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि कई लोगों के घायल होने की आशंका है।
राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक 20 से 30 लोगों को यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अधिकांश बम कम तीव्रता वाले थे, जो साइकिल या खाने की टिफिन में रखे गए थे।
पहला धमाका गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विधानसभा क्षेत्र मणिनगर में 6.45 मिनट पर हुआ। इसके बाद 15 मिनट के अंतराल पर सात और धमाके हुए।
दूसरा धमाका ठक्कर बापानगर, तीसरा धमाका सारंगपुर ब्रिज और चौथा धमाका ईसानपुर में हुआ। इसके अलावा नरोल, सरखेज, ओधाव और बापूनगर में भी धमाके हुए।
धमाके की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गृहराज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के मुताबिक ये धमाके ठीक बंगलौर में शुक्रवार को हुए धमाकों की तर्ज पर किए गए हैं। उन्होंने कहा, "यह देश को अस्थिर करने का प्रयास है। सभी मेट्रो शहरों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications