मुख्य सूचना आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्य सूचना आयुक्त वजाहत हबीबुल्लाह के खिलाफ धरने पर बैठे सूचना के अधिकार के लिए काम करने वाले कुछ कार्यकर्ताओं को शुक्रवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
ये कार्यकर्ता आयुक्त के दक्षिणी दिल्ली स्थित कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे थे। वे मांग कर रहे थे कि स्वास्थ्य विभाग में दूसरे आयुक्त की नियुक्ति की जाए।
आर.के.पुरम पुलिस थाने के प्रभारी आजाद सिंह ने कहा, "हमने भीकाजी कामा प्लेस स्थित मुख्य सूचना आयुक्त के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। वे वहां सरकारी कर्मचारियों के कामकाज में बाधा पहुंचा रहे थे।"
उन्होंने गिरफ्तार लोगों की संख्या बताने से इंकार कर दिया।
विरोध कर रहे एक कार्यकर्ता आरिफ ने कहा, "पिछले चार महीनों से हम मुख्य सूचना आयुक्त से मांग कर रहे थे कि स्वास्थ्य विभाग को वर्तमान आयुक्त पद्म बालासुब्रमण्यम से लेकर किसी दूसरे आयुक्त को सौंप दिया जाए।"
आरिफ ने आरोप लगाया कि पद्मा सरकारी अधिकारियों के साथ सहानुभूति रखती हैं और उनके खिलाफ कभी कठोर कार्रवाई नहीं करतीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications