भोपाल में रची गई सांसद घूस कांड की साजिश : कांग्रेस
भोपाल, 26 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने आरोप लगाया है कि लोकसभा में विश्वास मत के दौरान लहराई गई नोटों की गड्डियां न सिर्फ भोपाल से भेजी गई थी बल्कि इस साजिश में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी अहम भूमिका रही है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मानक अग्रवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और लोकनिर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को साथ लेकर मुख्यमंत्री चौहान 21 जुलाई को सरकारी विमान से दिल्ली गए थे। इन नेताओं ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर रिश्वत कांड की साजिश रची और फिर उसे अमली जामा पहनाया।
अग्रवाल का कहना है कि भोपाल से दिल्ली गए भाजपा नेता अपने साथ एक पत्रकार और कैमरा भी ले गए थे। इतना ही नहीं भाजपा के तीनों सांसदों ने नोटों की जो गड्डियां लोकसभा में लहराई थी, वह भोपाल के एक बैंक की थी। क्योंकि नोट के ऊपर लगी पर्ची भोपाल के एक बैंक की है।
कांग्रेस का आरोप है कि मध्यप्रदेश से दिल्ली गए भाजपा नेताओं का दो दिनों तक दिल्ली में डेरा रहा और इस दौरान उन्होंने साजिश को अंजाम दिया। यही वजह है कि भाजपा न तो अब तक पैसे के लेन देन की कथित टेप पेश कर पाई है और न ही उन लोगों का खुलासा कर पाई है, जिन्होंने पेशगी के तौर पर एक करोड़ रुपये की रकम तीनों सांसदों को दी थी। उन्होंने तीनों सांसदों के बयानों को भी विरोधाभासी बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications