कोलंबो टेस्ट : भारत पर पारी की हार का संकट (लीड-5)
कोलंबो, 26 जुलाई (आईएएनएस)। सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम पर पारी की हार का संकट मंडराने लगा है।
श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर 6 विकेट पर 600 (घोषित) के जवाब में अपनी पहली पारी में 233 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने फालोऑन खेलते हुए चायकाल तक महज 103 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए हैं। वह पहली पारी की तुलना में अभी भी श्रीलंका से 274 रन पीछे चल रही है।
भारत का छठा विकेट राहुल द्रविड़ के रूप में गिरा। द्रविड़ 10 रन असंथा मेंडिस की गेंद पर वर्णपुरा के हाथों लपके गए।
भारत का पहला विकेट भोजनावकाश से ठीक पहले सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के रूप में गिरा था। सहवाग ने 13 रन बनाए। भारतीय टीम ने अपना दूसरा विकेट वीवीएस लक्ष्मण के रूप में 57 रन के कुल योग पर गंवाया।
पहली पारी में सबसे अधिक 56 रन बनाने वाले लक्ष्मण को पदोन्नत करके तीसरे क्रम पर भेजा गया था, लेकिन वह 21 रन बनाने के बाद युवा स्पिन गेंदबाज असंथा मेंडिस की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए।
तीसरे विकेट के रूप में भारत को सचिन तेंदुलकर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी सस्ते में आउट हुए। 12 रन बनाने वाले सचिन का विकेट 82 के कुल योग पर गिरा। उन्हें मुरलीधरन ने तिलकरत्ने दिलशान के हाथों कैच कराया।
अच्छी लय में दिख रहे सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर के रूप में भारत का चौथा विकेट गिरा। गंभीर ने 90 गेंद पर चार चौकों की मदद से 43 रन बनाए। उन्हें मुथैया मुरलीधरन ने विकेट के पीछे एच. जयवर्धने के हाथों स्टंप कराया।
भारत ने अपना पांचवां विकेट पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के रूप में गंवाया। गांगुली 04 रन बनाकर मुरलीधरन की गेंद पर तिलकरत्ने दिलशान के हाथों लपके गए। मुरली ने मैच में अपने हिस्से का नौवां विकेट झटका।
इससे पहले, तीसरे दिन के अपने स्कोर 6 विकेट पर 159 रन से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम कुल योग में 64 रन जोड़ने के बाद सिमट गई। भारत की ओर से वीवीएस लक्ष्मण ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। लक्ष्मण तीसरे दिन 19 रन पर नाबाद लौटे थे। लक्ष्मण ने 118 गेंद खेलकर छह चौके लगाए।
तीसरे दिन एक रन पर नाबाद लौटने वाले कप्तान अनिल कुंबले अपने स्कोर में एक रन का भी इजाफा नहीं कर सके और असंथा मेंडिस की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। हरभजन सिंह ने नौ रन बनाए, जबकि जहीर खान पांच रन पर आउट हुए। इशांत शर्मा 13 रन बनाकर अविजित लौटे।
चौथे दिन के पहले सत्र में मेंडिस और मुरलीधरन ने पहली पारी में भारत के सभी विकेट झटके। मुरलीधरन ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए, जबकि अपना पहला टेस्ट खेल रहे मेंडिस ने चार विकेट लिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications