बंगलौर विस्फोट : एक महिला की मौत, छह घायल (राउंडअप)

बंगलौर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। सूचना-प्रौद्योगिकी (आईटी) के सबसे बड़े केंद्र के रूप में अपनी विशेष पहचान रखने वाले कर्नाटक की राजधानी बंगलौर शहर के भीड़भाड़ वाले व्यस्त इलाकों में शुक्रवार दोपहर 75 मिनटों के अंतराल पर कम तीव्रता वाले 6 बम धमाके हुए। इन धमाकों में अभी तक एक महिला के मारे जाने की पुष्टि हुई है जबकि 6 अन्य घायल हो गए।

बंगलौर के पुलिस आयुक्त शंकर बिदरी ने बताया कि विस्फोटों को टाइमर उपकरणों व मोबाइल फोन की सहायता से अंजाम दिया गया। ये धमाके विट्टल माल्या रोड, माडीवाला, नयनडहल्ली और आयनेपाल्या में दोपहर 1.30 से 2.00 बजे के बीच हुए।

पुलिस ने मात्र 6 विस्फोटों की पुष्टि की है जबकि गैरआधिकारिक सूत्र बता रहे हैं कि 6 स्थानों पर सात धमाके हुए।

मृतक की पहचान लक्ष्मी के रूप में की गई है। वह बस स्टाप पर बस का इंतजार कर रही थी कि इतने में वहां विस्फोट हो गया। विस्फोट से उसके सिर के परखच्चे उड़ गए।

विस्फोटकों की क्षमता एक-दो ग्रेनेडों के बराबर बताई जा रही है।

बिदरी ने कहा, "जिसने भी इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है, वे कर्नाटक की जनता के बीच दहशत फैलाना चाहते थे। पुलिस मामले की जांच कर संदिग्धों की गिरफ्तारी करेगी। हम पूरी तरह चौकस हैं।"

बिदरी ने जनता से आतंकित नहीं होने और अपने रोजमर्रा के काम में जुटे रहने की अपील की है। विस्फोटों की खबर फैलते ही ज्यादातर दुकानें और शॉपिंग मॉल्स तत्काल बंद कर दिए गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "धमाकों से स्पष्ट है कि इसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। अंजाम देने वालों की मंशा आतंक फैलाने व बंगलौर के सुरक्षित व शांतिप्रिय शहर होने की छवि को नुकसान पहुंचाने की ज्यादा थी।"

इस बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बम धमाकों की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने राज्य की जनता से शांति व संयम बरतने की अपील की और हादसे में मारी गई महिला के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

उन्होंने मृतका के परिजनों को एक लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद देने की बात कही है। उन्होंने कहा, "इन घटनाओं से आतंक के खिलाफ चल रही हमारी जंग पर कोई असर नहीं होगा। गृह मंत्रालय राज्य सरकार से लगातार संपर्क बनाए हुए है।"

केंद्र सरकार ने बम विस्फोट की घटना पर राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंगलौर धमाकों की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर आतंकवाद के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+