बंगलौर विस्फोट : 1 मरा, कई घायल (लीड-2)
बंगलौर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। देश भर में सूचना-प्रौद्योगिकी (आईटी) का सबसे बड़ा केंद्र माने जाने वाली कर्नाटक की राजधानी बंगलौर में शुक्रवार दोपहर 45 मिनट के अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर कई सिलसिलेवार बम धमाके हुए। इन धमाकों में अब तक एक व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
बंगलौर के पुलिस आयुक्त शंकर बिदरी के मुताबिक ये धमाके दोपहर 1.30 से 2.15 बजे के बीच हुए। पहला धमाका मडीवाला नाके पर हुआ। उसके बाद तीन अलग-अलग स्थानों पर धमाके हुए। एक धमाका माल्या अस्पताल के सामने स्थित एक पार्क के पास हुआ।
विस्फोटकों की क्षमता एक-दो ग्रेनेडों के बराबर बताई जा रही है।
बिदरी ने कहा, "जिसने भी इस बर्बरतापूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है, वे कर्नाटक की जनता के बीच दहशत फैलाना चाहते थे। पुलिस मामले की जांच कर संदिग्धों की गिरफ्तारी करेगी। हम पूरी तरह चौकस हैं।"
बिदरी ने जनता से आतंकित नहीं होने और अपने रोजमर्रा के काम में जुटे रहने की अपील की है। विस्फोटों की खबर फैलते ही ज्यादातर दुकानें और शॉपिंग मॉल्स तत्काल बंद कर दिए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications