इन्द्र देव को मनाने तीस फुट गहरे कुएं में रामायण
भोपाल, 25 जुलाई (आईएएनएस)। रूठे इन्द्र देव को मनाने के लिए मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के सातनेर गांव के लोगों ने अनोखा तरीका अपनाया है। वे 30 फुट गहरे सूखे कुएं में बैठकर अखंड रामायण का पाठ कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इन्द्र देव उनकी आवाज सुनेंगे और वर्षा होगी।
मध्यप्रदेश में मानसून को दस्तक दिए एक माह से अधिक का वक्त गुजर गया है मगर बैतूल के बहुत बड़े हिस्से में अब तक बारिश नहीं हुई है इसके चलते फसलों के बर्बाद होने की आशंका बढ़ गई है। आठनेर विकास खंड और उसके आसपास के गांवों के लोगों को लगता है कि इन्द्र देवता उनसे नाराज हैं, इसीलिए इस इलाके पर उनकी कृपा नहीं हो रही है।
देवराम बताते हैं कि सातनेर गांव के लोगों ने इन्द्र देवता को मनाने के लिए धार्मिक अनुष्ठान करने का निर्णय लिया। सभी ने तय किया कि गौडीढाना रामनगर स्थित तीस फुट गहरे कुएं में रामायण कराई जाए। लगभग एक सप्ताह से कुएं में रामायण का दौर जारी है।
इसके अतिरिक्त आठनेर के कुम्बी मोहल्ले में स्थित शिवमठ में जलाभिषेक का दौर चला और अब वहां सवा लाख बेल पत्र चढ़ाने का अभियान शुरू हुआ है। इन ग्रामीण इलाकों के लोगों को उम्मीद है कि इन्द्र देव एक दिन जरूर उनकी आराधना से प्रसन्न होंगे और उन्हें अवर्षा के दौर से मुक्ति मिलेगी।
इंडो - एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications