शरद पवार सब्सिडी प्राप्त तेल योजना का सोमवार को उद्घाटन करेंगे
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री शरद पवार आंध्र प्रदेश में रंगारेड्डी जिले के तांदूर में सब्सिडी प्राप्त खाद्य तेल के वितरण की योजना का सोमवार को शुभारंभ करेंगे।
योजना का उद्देश्य समाज के निर्धन वर्ग को खाद्य तेल की बढ़ती कीमतों से राहत दिलाना है। इस केंद्रीय योजना के तहत 2008-09 में 10 लाख टन आयातित तेल राज्य सरकारों के माध्यम से गरीबों को हर माह का राशन कार्ड पर एक किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार प्रति किलोग्राम पर 15 रुपये की सब्सिडी देगी।
सार्वजनिक उपक्रमों पीईसी, एमएमटीसी, एसटीसी तथा नेफेड को तेल आयात करने, उसके परिशोधन, पैकिंग तथा सब्सिडी प्राप्त तेल राज्यों को देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सब्सिडी पर 1500 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा। योजना के तहत तेल की मांग करने वाले सभी राज्यों को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा तेल आबंटित किया गया है। विभिन्न राज्यों में राशन कार्ड धारकों को खाद्य तेल आबंटन जुलाई में ही प्रारंभ हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications