बीजिंग ओलंपिक : लगेगा दिग्गजों का जमावड़ा
हैम्बर्ग, 25 जुलाई (आईएएनएस)। टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर तथा राफेल नडाल, बास्केटबॉल के दिग्गज कोबी ब्रायंट, लीबॉर्न जेम्स और याओ मिंग, तैराक माइकल फेल्प्स, फुटबाल खिलाड़ी रोनाल्डीन्हो, रोबिन्हो तथा लियोन मेसी सहित कई दिग्गज इस वर्ष ओलंपिक की शोभा बढ़ाएंगे।
बीजिंग ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के दिन अपना जन्मदिन मनाने जा रहे फेडरर तीसरी बार ओलंपिक में शिरकत करेंगे। इससे पहले वह सिडनी और एथेंस ओलंपिक में खेल चुके हैं।
दूसरी ओर, नडाल पहली बार ओलंपिक में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। नडाल ने कहा, "मेरे लिए यह महान अनुभव होगा। मैं पदक जीतने की भरपूर कोशिश करूंगा।"
टेनिस के विश्व वरीयता क्रम के पहले पांच पुरुष खिलाड़ी बीजिंग में जलवा बिखेरेंगे, जबकि महिला वरीयता क्रम की शीर्ष सात खिलाड़ी यहां खेलेंगी। महिलाओं में सर्बिया की अना इवानोविच का नाम प्रमुख है।
बास्केटबॉल में अमेरिका के ब्रायंट और जेम्स अपने देश को पदक दिलाने का प्रयास करेंगे। इसी तरह एनबीए में खेलने वाले चीन के बास्केटबॉल खिलाड़ी याओ मिंग भी अपने देश के लिए प्रयास करेंगे।
फुटबाल में ब्राजील के रोनाल्डीन्हो और रोबिन्हो तथा अर्जेटीना के मेसी ओलंपिक में अपनी-अपनी टीमों को सफल बनाने की पुरजोर कोशिश करेंगे।
तैराकी में अमेरिका के फेल्प्स का नाम सबसे बड़ा है। फेल्प्स ने एथेंस में छह स्वर्ण पदक जीते थे। वह हमवतन मार्क स्पीट्स के नाम दर्ज 36 वर्ष पुराने रिकार्ड को तोड़ने का प्रयास करेंगे। स्पीट्स ने ओलंपिक के एक संस्करण में सात स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा किया था।
इसके अलावा एथलेटिक्स में भी इस वर्ष कुछ बड़े नाम अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनमें 200 मीटर स्पर्धा के नए विश्व चैंपियन यूसेन बोल्ट, 100 मीटर स्पर्धा के विश्व चैंपियन टायसन गे, फर्राटा धावक आसफा पावेल, 110 मीटर बाधा दौड़ में ओलंपिक चैंपियन चीन के सुपरस्टार लिउ जियांग के नाम प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications