केरल में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या
पलक्कड़ (केरल), 25 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के पलक्कड़ जिले के अमायूर इलाके में स्थित एक घर से पुलिस ने तीन और शव बरामद किए हैं। दो दिन पहले ही यहां से दो बच्चों के शव बरामद किए गए थे।
पुलिस ने मृतकों की पहचान लिसी नामक महिला और उसके बच्चों अमलु (12 वर्ष), अमल (9 वर्ष), अमल्या (8 वर्ष) और अमन्या (3 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस ने साफ किया है कि यह हत्या का मामला है और इसके पीछे महिला के पति रेजी का हाथ होने की आशंका है।
पुलिस ने बुधवार को अमलु और अमल्या के शव घर के भीतर से बरामद किए थे। दोनों बच्चे कोट्टायम जिले के रामापुरम इलाके में एक स्कूल में पढ़ते थे और वहीं एक अनाथालय में रहते थे।
स्कूल और अनाथालय के अधिकारियों ने बताया कि रेजी मंगलवार को दोनों बच्चों को अनाथालय से घर ले गया था।
खोजबीन के दौरान पुलिस लिसी का शव सेप्टिक टैंक से बरामद किया जबकि दो अन्य बच्चों के शव बोरों में भर कर घर के पास ही झाड़ी में फेंके गए थे।
मामले की जांच कर रहे उप पुलिस अधीक्षक सी. के. रामचंद्रन ने बताया, "ये हत्याएं योजना बना कर की गईं हैं। हमें पूरा शक है कि रेजी ने ही इन हत्याओं को अंजाम दिया है।"
पुलिस के अनुसार ये हत्याएं अलग-अलग दिन की गई हैं। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications