आतंकवाद से निपटने में गिलानी ने मनमोहन से मदद मांगी
इस्लामाबाद, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान भारत के साथ रिश्तों को बहुत अहमियत देता है और दोनों देशों को आतंकवाद से निपटने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने चाहिए। यह बात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान कही।
'द न्यूज' में शुक्रवार को प्रकाशित समाचार के अनुसार, केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार द्वारा मंगलवार को विश्वास प्रस्ताव जीतने पर मनमोहन सिंह को बधाई देने के लिए गिलानी ने गुरुवार को उन्हें फोन किया था।
गिलानी ने कहा कि क्षेत्र के मौजूदा अशांत हालात को देखते हुए आतंकवाद और उग्रवाद से निपटने के लिए दोनों देशों को सहयोग बढ़ाना चाहिए, क्योंकि दोनों ही इसके शिकार हैं।
विश्वास प्रस्ताव में मनमोहन सिंह सरकार की जीत को 'लोकतंत्र की विजय' बताते हुए गिलानी ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र में ऐसी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
गिलानी ने कहा कि वे अगले महीने के आरंभ में कोलंबो में होने वाली दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) शिखर बैठक के दौरान उनसें भेंट करेंगे।
अखबार के मुताबिक मनमोहन सिंह ने कश्मीर समेत भारत और पाकिस्तान के बीच सभी मसलों का सौहार्दपूर्ण हल खोजने के लिए पूरे समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया।
गिलानी ने कहा कि स्थिर अफगानिस्तान क्षेत्र के सभी देशों के हक में है और वहां शांति एवं स्थिरता लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications