बांग्लादेश में आम चुनाव के पहले पार्टियों ने गठबंधन बनाने शुरू किए
ढाका, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश में दिसंबर में प्रस्तावित आम चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों ने गठबंधन बनाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
इलाज के लिए आठ सप्ताह के लिए जेल से छूटी अवामी लीग की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए पूर्व राष्ट्रपति हुसैन मुहम्मद इरशाद की जातीय पार्टी के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन कायम कर लिया है।
जातीय पार्टी और अवामी लीग के बीच गठबंधन पर सहमति पिछले सप्ताह लंदन में हुई दोनों पार्टियों के नेताओं की बैठक में कायम हुई। शेख हसीना इलाज करवाने के लिए आजकल लंदन में ही रुकी हुई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार शेख हसीना ने बेगम खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और इस्लामी संगठन जमात-ए-इस्लामी के गठजोड़ का मुकाबला करने के लिए जातीय पार्टी के साथ गठबंधन किया है।
पिछले आम चुनाव के दौरान अवामी लीग और जातीय पार्टी को प्राप्त हुए मतों का कुल योग 47.24 प्रतिशत था।
विश्लेषकों के अनुसार इस समझौते के बाद 14 पार्टियों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही शेख हसीना ने अपनी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया के खिलाफ राजनीतिक बढ़त हासिल कर ली है।
खालिदा जिया 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं। इस समय वह भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications