सूडान में अपहृत भारतीय 74 दिन बाद रिहा
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। सूडान में छापामारों द्वारा बीती 13 मई को अपहृत भारतीय पी.के. अभिलाष को 74 दिनों तक बंधक बनाए रखने के बाद रिहा कर दिया गया।
यह जानकारी देते हुए प्रवासी मामलों के मंत्री वयालार रवि ने शुक्रवार को बताया कि अभिलाष का स्वास्थ्य अच्छा है और वे स्वदेश वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने राहत प्रकट करते हुए कहा कि अभिलाष की सुरक्षा के लगातार प्रयासों का सुखद नतीजा निकला है।
रवि ने प्रेस को जारी एक वक्तव्य में कहा, "खार्तूम में हमारे राजदूत अभिलाष के साथ संपर्क में हैं और हम 74 दिनों तक इतनी कठिन परिस्थितियों में साहस बनाए रखने के लिए अभिलाष को बधाई देते हैं।"
गौरतलब है कि अभिलाष और तीन अन्य लोगों का गत 13 मई को सूडान में अपहरण कर लिया गया था। चारों अपहृतों में से दो पहले ही निकल भागने में कामयाब हुए थे जबकि एक अन्य अपहृत भारतीय बिप्लब बिस्वास के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications