बिहारशरीफ में कैदियों के बीच झड़प, एक की मौत
पटना, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में बिहारशरीफ की जेल में शुक्रवार सुबह कैदियों के बीच झड़प में एक कैदी की मौत हो गई तथा दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अजीत कुमार सत्यार्थी ने जेल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सत्यार्थी ने बताया कि शुक्रवार सुबह अर्जुन सिंह नाम के एक कैदी ने आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे अलखदेव महतो पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए कैदी राजनंदन महतो व मोहम्मद आरजु भी इस हमले में घायल हो गए। अलखदेव और राजनंदन को हमले में गंभीर चोटे आईं। अलखदेव ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सत्यार्थी ने बताया कि राजनंदन को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य कैदी का इलाज बिहारशरीफ अस्पताल में किया जा रहा है। जेलर जितेन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications