सूडान में रिहा भारतीय जल्द स्वदेश लौटेगा (लीड-1)
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। सूडान में लगभग दो महीने पहले छापामारों द्वारा अपहृत भारतीय पी.के. अभिलाष को शुक्रवार की सुबह रिहा कर दिया गया।
यह जानकारी देते हुए सूडान में भारतीय राजदूत दीपक वोहरा ने आईएएनएस को बताया, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अभिलाष एक सूडानी वाहन चालक के साथ रिहा कर दिया गया है। दोनों को शुक्रवार को सुबह रिहा किया गया। अभिलाष शनिवार या रविवार तक खार्तूम आ जाएंगे। हम उनके भारत लौटने के लिए वीजा की व्यवस्था कर रहे हैं। "
वोहरा ने कहा कि 30 मई को लापता हुए भारतीय बिप्लब बिस्वास का कोई अतापता नहीं है।
प्रवासी मामलों के मंत्री वयालार रवि ने प्रेस को जारी एक वक्तव्य में कहा, "खार्तूम में हमारे राजदूत अभिलाष के साथ संपर्क में हैं और हम 74 दिनों तक इतनी कठिन परिस्थितियों में साहस बनाए रखने के लिए अभिलाष को बधाई देते हैं।"
गौरतलब है कि अभिलाष और तीन अन्य लोगों का गत 13 मई को सूडान में अपहरण कर लिया गया था। चारों अपहृतों में से दो पहले ही निकल भागने में कामयाब हुए थे जबकि एक अन्य अपहृत भारतीय बिप्लब बिस्वास के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है।
ये भारतीय वहां पेट्रो एनर्जी के लिए काम करते थे। पेट्रो एनर्जी वहां गेट्रर नाइल पेट्रोलियम आपरेटिंग कंपनी (जीएनपीओसी) को सेवाएं प्रदान करती है। आयल एंड नेचुरल गैस कार्पोरेशन (ओएनजीसी) ने जीएपीओसी में एक अरब डालर से अधिक का निवेश किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications