आतंकवाद के लिए सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार : राजनाथ
वाराणसी, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कर्नाटक की राजधानी बंगलौर में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न सिर्फ आतंकवाद की जननी है बल्कि उसके राज में यह फल-फूल भी रहा है।
बंगलौर में सिलसिलेवार बम धमाकों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "आतंकवाद केवल राज्य का मुद्दा नहीं है बल्कि पूरे राष्ट्र का विषय है। इससे निपटने के लिए सरकार के पास दृढ़ इच्छाशक्ति होनी चाहिए जिसका कि केंद्र सरकार में नितांत अभाव है। संसद में भी हम लोगों ने यह बार-बार कहा है कि आतंकवाद से निपटने के लिए सरकार जो भी कदम उठायेगी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उसके साथ खड़ा नजर आएगा, लेकिन सरकार के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई कानून। इसी का नतीजा है कि आज आतंकवादियों के हौसले बुलंद हैं।"
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मैं यह दावा नही करता कि हमारे शासनकाल में आतंकवादी घटनाएं नहीं हुई। चाहे संसद पर हमले की बात हो या फिर चाहे अक्षरधाम पर, हमारे जवानों का हौसला पूरी तरह से बुलंद था और कोई भी आतंकवादी जवानों के निशाने से बचकर नहीं जा सका था। लेकिन आज कोई बताए कि कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार में अब तक कितने आतंकवादी पकड़े गए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications