आस्ट्रेलिया व भारत तेल एवं गैस क्षेत्र में आपसी सहयोग करेंगे
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को पश्चिमी आस्ट्रेलिया के साथ तेल एवं गैस क्षेत्र में आपसी सहयोग के लिए समझौता किया है।
पश्चिमी आस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री एरिक रिप्पर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा से मुलाकात की। इस बैठक में तेल एवं गैस क्षेत्र में दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को गति देने के तरीकों पर चर्चा की गई।
एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, "आस्ट्रेलियाई प्रतिनिधियों ने महसूस किया कि कोयले की सतह के नीचे पाए जाने वाली मिथेन गैस और तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की खोज और उत्पादन समेत कई गतिविधियों में आपसी सहयोग की बड़ी संभावना है।"
इस बैठक के बाद पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय और आस्ट्रेलियाई प्रांत के उद्योग एवं संसाधन विभाग के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया गया।
समझौते के मुताबिक दोनों पक्ष अगले पांच वर्ष तक तेल एवं गैस से संबंधित मसलों पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे और कई दूसरे क्षेत्रों में विकास के लिए रणनीति बनाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
