मध्यप्रदेश के स्कूलों में अब नहीं बजेगी मोबाइल की घंटी
भोपाल, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के स्कूलों में अब मोबाइल की घंटी नहीं सुनाई देगी। अगर मोबाइल स्कूल के भीतर तक पहुंच गया तो छात्र-छात्राओं के साथ उस स्कूल के मुखिया पर भी कार्रवाई होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार ने स्कूलों में मोबाइल को प्रतिबंधित जो कर दिया है।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिबंध सभी सरकारी और गैरसरकारी स्कूलों के लिए है। इस प्रतिबंध के चलते कक्षा, सामूहिक कक्ष, सभा कक्ष, खेल मैदान आदि उन सभी स्थानों पर मोबाइल को नहीं ले जाया जा सकेगा जो स्कूल परिसर में आते हैं। यह प्रतिबंध सिर्फ छात्र-छात्राओं पर ही नहीं शिक्षकों पर भी लागू रहेगा।
सरकार का मानना है कि बच्चों में मोबाइल के प्रति रूझान कम करने के लिए माहौल बनाना भी जरूरी है। स्कूल प्रमुखों के साथ पालक-शिक्षक संघ को सलाह दी गई है कि वे इस विषय पर समय समय पर परिचर्चा कर बच्चों को सचेत करें। सरकार के इस फैसले पर सख्ती से अमल हो इसके लिए आकस्मिक निरीक्षण भी होगें।
इस निरीक्षण के दौरान अगर मोबाइल पाए जाते हैं तो संस्था प्रमुख को जिम्मेदार माना जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
