'दलाल सलाम' पर अमरसिंह ने आडवाणी को लिया निशाने पर (लीड-1)
नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की 'दलाल सलाम' संबंधी टिप्पणी के खिलाफ पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह ने मंगलवार को उन्हें जमकर आड़े हाथों लिया। सिंह ने कहा कि यही आडवाणी मुझे दलाल कह रहे हैं जिन्होंने केंद्र सरकार को गिराने के लिए दो-दो बार अपने दूत मेरे पास भेजे थे।
राजधानी में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अमर सिंह ने कहा, "आडवाणी ने 'दलाल सलाम' के मामले में अपनी वरिष्ठता साबित कर दी है। वह तो 'डील' करने के मामले में कांग्रेस से आगे निकल गए हैं। क्योंकि उन्होंने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह को दो बार मेरे पास संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को गिराने के लिए भेजा।"
सिंह ने कहा, "आडवाणी प्रधानमंत्री नहीं बन पाए इसके लिए मेरी पूरी सहानुभूति उनके साथ है। मुझे लगता है कि इसलिए वे हताश व निराश हैं और इस प्रकार की टिप्पणी कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि आडवाणी मुझे कुछ भी कहें, मै उनकी बातों का बुरा नहीं मानूंगा। क्योंकि मै अटलबिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का बेहद सम्मान करता हूं और उनके भाषण सुन कर बड़ा हुआ हूं।
उन्होंने कहा, "कृपया मेरे बारे में इस प्रकार के अपशब्दों का इस्तेमाल करते रहिए। इसके लिए मै आपका ऋणी रहूंगा।"
अमर सिंह ने कहा, "पिछले दिनों अपनी आत्मकथा के लोकार्पण के लिए आडवाणी ने मुझे तीन बार फोन किया लेकिन जब मै उस कार्यक्रम में नहीं पहुंचा तो उन्होंने अपनी आत्मकथा की एक प्रति मेरे पास भेजी, जिसमें मुझे 'प्रिय भाई' कहकर संबोधित किया गया था। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ-साथ अब यही लोग मुझे मारने को तैयार हैं। "
उल्लेखनीय है कि आडवाणी ने सोमवार को सपा के साथ गठबंधन के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर जमकर हमला बोला था और कहा था, "पहले यह सरकार लाल सलाम से चलती थी और अब दलाल सलाम से चलेगी।"
विश्वास मत के मसले पर वाम दलों और भाजपा के साथ खड़े होने पर भी अमर सिंह ने जमकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि भाजपा और वाम दलों के बीच का झगड़ा अब समाप्त हो गया है और दोनों के बीच हुई नई दोस्ती के लिए मै उन्हें बधाई देता हूं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
