आईएनएक्सएस के गीतों को नए ढंग से तैयार कर रहे हैं संगीतकार राम संपत
मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। संगीतकार राम संपत इन दिनों ऑस्ट्रेलियाई रॉक बैंड आईएनएक्सएस के साथ मिलकर दो गाने तैयार कर रहे हैं।
आईएनएक्सएस ने अपने दो गानों, 'गॉड्स टॉप 10' और 'डेविल्स पार्टी' को नए अंदाज में पेश करने का काम उन्हें सौंपा है। संपत की आईएनएक्सएस से मुलाकात पिछले साल उनके भारत दौरे के दौरान हुई थी।
संपत ने आईएएनएस से कहा, "ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। यह सचमुच एक मजेदार विचार है।"
उन्होंने कहा, "कुछ साल पहले मेरी पत्नी ने एक एलबम बनाया था, जिसे पिछले साल के भारत दौरे के दौरान आईएनएक्सएस ने सुना। उन्होंने हमारी सीडी लेकर हमारे साथ जुड़ने की इच्छा जताई।"
संपत ने बताया कि आईएनएक्सएस के 'आफ्टरग्लो' का भारतीय रूपांतरण हमने कुछ इस तरह किया था कि सुनने में वह पूरी तरह से मौलिक लगने लगा था। दरअसल, संपत ने आईएनएक्सएस के केवल मुख्य गायक जे. डी. फॉरच्युन के गीतों को अपने एलबम में जगह दी थी। इसके अलावा एलबम पूरी तरह से भारतीय रंग में रंगा था। संपत ने उसमें राजस्थानी प्रभाव भी डाला था, जो आईएनएक्सएस को बेहद पसंद आया था।
पिछले दिनों रोशन की फिल्म 'क्रेजी 4' के गीतों के कॉपीराइट मामले को लेकर संपत चर्चा में रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
