तटीय क्षेत्रों में तेल खनन से बुश ने प्रतिबंध हटाया
वाशिंगटन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश ने सोमवार को तटीय क्षेत्रों में तेल के खनन से प्रतिबंध हटाने की घोषणा की। माना जा रहा है कि इससे गैसोलीन की कीमतों में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
यद्यपि इन क्षेत्रों में खनन का काम तब तक शुरू नहीं किया जा सकता, जब तक कि कांग्रेस तटीय क्षेत्रों में तेल के उत्पादन पर प्रतिबंध संबंधी कानून हटा नहीं लेती। यह प्रतिबंध पर्यावरण संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखकर लगाया गया है और डेमोक्रेटिक पार्टी इसे हटाने के खिलाफ है।
बुश ने कहा, "डेमोक्रेट्स ने सभी प्रस्तावों को नकार दिया है और अब अमेरिकी नागरिकों को इसकी कीमत पेट्रोल पंपों पर चुकानी पड़ रही है।" बुश का मानना है कि तेल का अधिक उत्पादन गैसोलीन की कीमत कम करने में सहायक होगा।
तटीय क्षेत्रों में खुदाई पर यह प्रतिबंध सन 1980 की शुरुआत में लगा था और पूर्व राष्ट्रपति जार्ज बुश सीनियर ने इस प्रतिबंध को आगे बढ़ा दिया था।
इस बीच कैलिफोर्निया के गवर्नर अर्नाल्ड श्वार्जनेगर ने कहा है कि वह अपने राज्य में खनन से प्रतिबंध नहीं हटाएंगे।
गौरतलब है कि अमेरिका में गैसोलीन की कीमत चार डालर प्रति गैलन तक पहुंच गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
