फोटोग्राफी की दुनिया में रोजगार

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। फोटोग्राफी सबसे ज्यादा चित्ताकर्षक कला रही है। इसके माध्यम से हम सर्वाधिक महत्वपूर्ण क्षणों को फ्रेम में कैद कर लेते हैं। स्मृतियों को अधिक आसानी से संभालकर रखा जा सकता है। लेंस या कैमरे से जुड़ा जीवन रोमांचक यात्रा है। इसमें प्रकाश और रंगों का अद्भुत मेल होता है, जहां एक फ्रेम के भीतर कुछ खास घटनाओं को कैद कर लिया जाता है।

लेंस के पीछे जीवन को चित्रित करने के लिए वस्तुत: क्या जरूरी होता है? गहन तकनीकी कौशल के आधार पर नित नए प्रयोग करने का स्तर हो, छायांकन के लिए रचनात्मक दृष्टि हो, साथ ही फोकस करने की क्षमता हो। यह नियमित व्यवसाय नहीं है। व्यक्ति को निरंतर जागरूक एवं प्रयत्नशील रहना पड़ता है। भावनात्मक स्तर पर फोटोग्राफ लिया जाता है तथा फोटोग्राफर को गहराई से दृश्य आदि चित्रित करना पड़ता है। वस्तुत: व्यक्ति का शौक ही बाद में उसका व्यवसाय बन जाता है।

आप जिस भी शैली के फोटोग्राफर हों, चाहे औद्योगिक फोटोग्राफर हों या फोटोपत्रकार हों या लाइफ स्टाइल लेंसमैन हों, आपको अत्यधिक दबावों, समय की बाधाओं तथा मांगों का सामना करना पड़ता है। कामकाजी माहौल भी अलग-अलग होता है। हालांकि फोटोपत्रकारों का नियमित समय नहीं होता है, लेकिन औद्योगिक और वाणिज्यिक फोटोग्राफर का कार्य अधिक आसान होता है। दूसरी ओर वन्य जीवन के फोटोग्राफर को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती है। कई दिनों तक, यहां तक कि महीनों तक सर्वाधिक प्रतिकूल स्थल पर प्रतीक्षा करनी पड़ती है, ताकि बिलकुल सही 'शॉट' लिया जा सके।

फोटोग्राफी का करियर 'वाइन' के समान होता है, जहां समय और अभ्यास के साथ-साथ व्यक्ति परिपक्व होता जाता है। तथापि सफलता का मापदंड यह है कि अनेक शॉट्स में से कोई एक अच्छी तस्वीर चुनने की बजाय प्रत्येक तस्वीर फ्रेम की उत्कृष्टता की अभिव्यक्ति हो।

औद्योगिक क्षेत्र : आज उद्योगों का अर्थ धुआं उगलते कारखाने नहीं हैं, जहां ढेर सारे लोग कार्य करते हैं। कारपोरेट की दुनिया अधिकाधिक चमक-दमक वाली होती जा रही है। यहां औद्योगिक फोटोग्राफर का महत्वपूर्ण स्थान है। औद्योगिक फोटोग्राफर उद्योग से जुड़ी विशिष्ट तस्वीरें लेता है। इसमें परिष्कृत तैयार उत्पाद, उत्पाद के मॉडल, फैक्टरी उद्योग के अहाते एवं कर्मचारी शामिल हैं। पंपलेट, संगठन की पत्रिकाओं, रिपोर्टों, ट्रेड जर्नल और उत्पाद के ब्रोशर में ये तस्वीरें छपती हैं। भारतीय उद्योग इस ओर बहुत ज्यादा आकर्षक नहीं है। यहां सबसे बड़ी चुनौती देखने में भद्दे स्थल को विश्व के सबसे सुंदर स्थान के रूप में दर्शाना है। उद्योगों में बहुत ज्यादा अवसर उपलब्ध नहीं होते हैं।

खेलकूद : खेलकूद फोटोग्राफी संभवत: सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण कार्य है। क्षण की प्रेरणा, जीत का आनंद और हार की झुंझलाहट तथा मौका छिन जाने की निराशा को प्रभावशाली ढंग से कैमरे में कैद करना आसान काम नहीं है। खेल जगत में ऐसी तस्वीरें मिलने की गुंजाइश रहती है, जिनमें वास्तविक जीवन के मनोभाव व्यक्त होते हैं। एक क्षण की भी देरी से हम मौका चूक जाते हैं। फोटोग्राफ के विभिन्न पहलू होते हैं। प्रत्येक पहलू की अलग-अलग अपेक्षाएं होती हैं। खेल फोटोग्राफी में व्यक्ति के पास फैशन कार्य की तुलना में अधिक बड़े, अधिक क्षमता वाले लेंस की जरूरत पड़ती है।

चित्रकला (पोट्र्रेचर) : पोट्र्रेचर पूरी तस्वीर को क्लिक करने की कला है। इसमें विषय की वास्तविक खूबसूरती को कैद करना है। इसमें मनोभावों और शारीरिक मुद्रा को नहीं छुआ जाता। पोट्र्रेट फोटोग्राफी स्टूडियो में की जाती है तथा मॉडलिंग और अभिनय के लिए पोर्टफोलियों के संकलन की आज बहुत अधिक मांग है। इस कला में प्रत्येक विषय अलग-अलग ढंग से दर्शाया जाता है। व्यक्ति को पहले चेहरे का बारीकी से अध्ययन करना पड़ता है और तब सबसे ज्यादा खूबसूरत विशेषताओं को अभिव्यक्त करना पड़ता है। आयु और स्त्री-पुरुष के मुताबिक अलग-अलग प्रकाश कोण और लेंस का इस्तेमाल किया जाता है।

वैज्ञानिक, तकनीकी और चिकित्सा संबंधी क्षेत्र : डीएनए की एकल लड़ी और तस्वीर देखकर कभी आश्चर्य हुआ है? या गर्भ में पल रहे बच्चे की तस्वीर देखकर अचंभा हुआ है? यद्यपि ये तस्वीरें अप्राकृतिक, अलौकिक दिखाई देती हैं, तथापि ये वास्तविक तस्वीरें हैं। इस संबंध में हम वैज्ञानिक और चिकित्सीय फोटोग्राफर के शुक्रगुजार हैं। वैज्ञानिक फोटोग्राफों का अनुसंधान और औद्योगिक पत्रिकाओं, संगठन पत्रिकाओं एवं शिक्षण पुस्तकों में विशेष स्थान है। विशेषज्ञता के लिए वैज्ञानिक भाषा की गहरी समझ और जीवन की प्रक्रियाओं के प्रति गहन संवेदनशीलता की जरूरत होती है। भारत में अभी यह क्षेत्र शुरुआती अवस्था में है।

फोटोपत्रकारिता : जो बात या विचार हम हजारों शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते, वह मात्र एक तस्वीर से व्यक्त हो जाता है। प्रेस में अनेक घटनाओं, कहानियों-खबरों को समझाने के लिए फोटोग्राफ पर अधिक जोर दिया जा रहा है। फोटोपत्रकारिता आर्षक एवं महत्वपूर्ण क्षेत्र है। हमें फौरन सहज होकर कैमरा क्लिक करना है, अन्यथा महत्वपूर्ण क्षण खिसक जाएगा। प्रेस फोटोग्राफर को हर समय कैमरे के साथ घूमते रहना पड़ता है, ताकि विविध प्रकार की घटनाओं को कवर किया जा सके। उन्हें घूम-घूमकर विभिन्न विषयों तथा घटनाओं को 'शूट' करना पड़ता है। उनके कार्य के घंटे निश्चित नहीं होते हैं। सफल फोटोग्राफर बनने के लिए व्यक्ति के पास समाचारों की गहरी समझ होनी चाहिए। धुन या लगन इस व्यवसाय में कामयाबी की कुंजी है।

व्यक्ति को धर्यवान होना चाहिए। विशेष तौर पर इस वजह से धर्य रखना होगा कि इस क्षेत्र में तत्काल परिणाम सामने नहीं आते हैं। किसी भी खास 'स्टोरी' पर कार्य करने के लिए व्यक्ति के पास विचार होना जरूरी है। किसी अन्य नियमित व्यवसाय (व्यवसाय) की तुलना में फोटोपत्रकारिता में अधिक कटिबद्धता की जरूरत होती है। कार्य करते समय व्यक्ति को वास्तव में तन एवं मन से कार्यस्थल पर मौजूद रहना होता है। फोटो पत्रकार बनने के लिए व्यक्ति को सभी कार्य स्वयं करने पड़ते हैं। शुरुआत में उसे सभी जिम्मेदारियां स्वयं स्वतंत्र रूप से निभानी पड़ती हैं। तब धीरे-धीरे वह किसी संगठन से जुड़ता है। भारत में फोटोपत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा कोई विशेष पाठ्यक्रम नहीं चलाया जा रहा है।

विज्ञापन और फैशन : फैशन फोटोग्राफर को परिधान, अन्य सामग्री तथा मॉडल का ध्यान रखना पड़ता है। इस क्षेत्र में व्यक्ति डिजाइनर की सर्वोत्तम रचना को व्यक्त करता है तथा किसी परिधान को मॉडल के साथ या मॉडल को परिधान के साथ जोड़कर नहीं देखता। विज्ञापन फोटोग्राफर को ग्राहक की विचारधारा के अनुसार कार्य करना पड़ता है या फिर उसे विज्ञापन एजेंसी को ध्यान में रखना पड़ता है।

व्यावसायिक क्षेत्र : व्यावसायिक फोटोग्राफर अपने हिसाब से कार्य करता है। पासपोर्ट पिक्चर तथा फोटोग्राफी से संबंधित तमाम वाणिज्यिक जरूरतें उसके कार्य-क्षेत्र में शामिल होती हैं। वह सामाजिक घटनाओं के संबंध में फोटोग्राफी की सेवाएं आदि प्रदान करता है। व्यावसायिक फोटोग्राफर प्रचार-सेवाएं भी प्रदान करता है। व्यावसायिक कार्य डॉक्यूमेंट का प्रयोग दोनों स्तरों का हो सकता है। फोटोग्राफर का काम आयाम खोलना है। स्वतंत्र रूप से काम करने का भी विकल्प उपलब्ध है, लेकिन प्रारंभिक अवस्था में किसी भी व्यक्ति को ऐसा करने की राय नहीं दी जा सकती। व्यक्ति पूर्णकालीन आउटडोर फोटोग्राफर का काम कर सकता है तथा स्टॉक पिक्चर एजेंसी को ट्रांसपैरेंसी या फोटोग्राफ भेज सकता है।

फोटोग्राफर बनने के लिए व्यक्ति के पास सबसे पहले 28 मि.मि. से 80 मि.मी. तक या 28 मि.मी. से 200 मि.मी. तक जूम लेंस का स्वचालित एसएलआर कैमरा होना चाहिए। अनेक संस्थाओं में फोटोग्राफी के तीन मास से एक वर्ष तक की अवधि के डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ऐसे पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने की न्यूनतम योग्यता बारहवीं स्तर की परीक्षा है। ऐसे पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के विभिन्न रूपों की जानकारी दी जाती है, ताकि वे पाठ्यक्रम के समापन के बाद मनपसंद क्षेत्र चुन सकें। तब पोर्टफोलियों पर कार्य करना जरूरी हो जाता है।

आज भारत में फोटोग्राफी के विशेष पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं। किसी भी पाठ्यक्रम में यह नहीं बताया जाता कि व्यक्ति को क्या, कहां और कब अच्छी तस्वीर शूट करनी है। अधिकाधिक लोग ऐसे विभिन्न अल्पकालीन पाठ्यक्रम चुन लेते हैं, जो अचानक ही इस क्षेत्र में उभर जाते हैं। खेद की बात है कि इनसे विद्यार्थियों को कोई विशेष लाभ नहीं होता। इसके बाद, अच्छा पोर्टफोलियों बन जाने के बाद, विद्यार्थी को व्यावसायिकता के साथ कार्य करना होता है। किसी प्रतिष्ठित फोटोग्राफर के साथ कार्य करना अनिवार्य है। सहायक फोटोग्राफर के रूप में व्यक्ति इस व्यवसाय के महत्वपूर्ण पहलुओं को जान पाता है। फोटोग्राफी उच्च महत्वाकांक्षी लोगों का व्यवसाय है। यह काम अभिव्यक्ति अभिव्यंजना से जुड़ा है। यदि कोई व्यक्ति थोड़े पैसे में ही संतुष्ट हो जाता है तो वह उत्तम कोटि का फोटोग्राफर बन सकता है। हालांकि शुरू में थोड़ा ज्यादा पैसा लगाना पड़ सकता है, फिर भी इस कैरियर से अच्छा वेतन मिल सकता है।

शौकिया फोटोग्राफर तथा प्रशिक्षार्थी प्रति महीने साढ़े तीन हजार से लेकर साढ़े सात हजार रुपये तक कमा सकते हैं। जब इस व्यवसाय में पैर जम जाने के बाद प्रति शूट दस हजार से लेकर पैंतीस रुपए या इससे अधिक धनराशि कमाया जा सकता है। इन-हाउस फोटोग्राफर संगठन की क्षमता पर निर्भर करते हुए पांच हजार रुपये से लेकर पचास हजार रुपये तक कमा सकता है। फोटोग्राफर का वेतन विशेषज्ञता के स्तर के अनुरूप अलग-अलग होता है। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि कोई व्यक्ति इस कला का कैसे उपयोग करता है तथा किस प्रकार से अपनी कलाकृति को बाजार में लाता है। स्व-रोजगार के रूप में इस करियर की कोई सीमा नहीं है।

मांग बढ़ने के कारण इस उद्योग में 120 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, मीडिया का ध्यान अधिक आकर्षित हुआ है तथा नौकरी के अवसर बढ़े हैं। अब फोटोग्राफी अधिक प्रभावशाली कैरियर बन चुका है।

(करियर संबंधी और अधिक जानकारी के लिए देखिए ग्रंथ अकादमी, नई दिल्ली से प्रकाशित ए. गांगुली और एस. भूषण की पुस्तक "अपना कैरियर स्वयं चुनें"।)

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+