बार्सिलोना ने कहा, 72 घंटे के बाद नहीं होगा रोनाल्डीन्हो का स्थानांतरण
मैड्रिड/बार्सिलोना, 15 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन के घरेलू फुटबाल क्लब बार्सिलोना ने साफ कर दिया है कि अगर दूसरे क्लब 72 घंटे के भीतर ब्राजील के स्टार खिलाड़ी रोनाल्डीन्हो के साथ करार करने में सफल रहे तो उसे कोई आपत्ति नहीं है।
रोनाल्डीन्हो के भाई और उनके एजेंट राबटरे डी एसिस ने बताया कि बार्सिलोना ने दूसरे क्लबों को रोनाल्डीन्हो से करार के लिए 72 घंटे का समय दिया है। इस समय सीमा के बीतने के साथ ही क्लब रोनाल्डीन्हो के स्थानांतरण की कोई भी शर्त नहीं मानेगा।
रोनाल्डीन्हो के इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर सिटी और इटली के क्लब एसी मिलान के साथ जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बार्सिलोना अपने इस खिलाड़ी को मैनचेस्टर सिटी भेजना चाहता है क्योंकि क्लब ने रोनाल्डीन्हो के बदले पांच करोड़ डॉलर की पेशकश की है।
दूसरी ओर रोनाल्डीन्हो एसी मिलान जाने के इच्छुक हैं। हालांकि एसी मिलान ने उनके सामने केवल दो साल के करार का प्रस्ताव रखा है।
बार्सिलोना चाहता है कि रोनाल्डीन्हो जल्दी से जल्दी किसी और क्लब में चले जाएं। यही कारण है कि दूसरे क्लबों को इस काम में तेजी दिखाने के लिए उसने 72 घंटे की समय सीमा तय की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
